हांसी। ढंडेरी गांव में मंगलवार को रसोई गैस सिलिंडर के रेगुलेटर में अचानक आग लग गई। इस हादसे में आग की चपेट में आने से घर का युवक अंकित और उसका पड़ोसी किताब सिंह झुलस गए। परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए मिट्टी डालकर आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंची। गनीमत रही कि समय रहते आग बुझ गई और बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह सुरेश कुमार के घर सिलिंडर के रेगुलेटर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें घर में फैल गई और अफरा-तफरी मच गई। परिवार के सदस्यों ने जैसे तैसे करके आग पर काबू पाने की कोशिश की। आग बुझाने के प्रयास में अंकित और उनके पड़ोसी किताब सिंह आग की लपटों की चपेट में झुलस गए। आग लगने की सूचना डायल 112 पर दी गई। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। फायरमैन विनोद कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी गांव तक पहुंची थी। तब तक आग पर काबू पा लिया गया था।