जिले के हांसी क्षेत्र के सेक्टर 6 निवासी 13 वर्षीय किशोर सहित दो लोगों की रिपोर्ट सोमवार रात को पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 205 पर पहुंच गया है।
विभाग ने संक्रमित मरीज को एंबुलेंस के जरिये कोविड-19 सेंटर में रेफर किया है। डिप्टी सीएमओ डॉ. जया गोयल और नोडल अधिकारी डॉ. सुभाष खटरेजा अपने टीम के साथ संक्रमित के परिजनों और उनके संपर्क में आए लोगों की हिस्ट्री जुटा रहे हैं।
संक्रमित मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री
हांसी के सेक्टर 6 निवासी 13 वर्षीय संक्रमित किशोर 12 जून को अपने परिजनों के साथ गुरुग्राम से लौटा था। किशोर के सभी परिजनों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। खांडाखेड़ी गांव के एक युवक की रिपोर्ट जींद स्वास्थ्य विभाग से जिला स्वास्थ्य विभाग के पास पॉजिटिव आई है। संक्रमित युवक एमसीडी फरीदाबाद में माली है और 20 जून को अपने गांव लौटा था।
वहीं सीएमओ डॉ. रत्ना भारती व नोडल अधिकारी डॉ. सुभाष खटरेजा अपनी टीम के साथ सोमवार को जिंदल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड का दौरा करने पहुंचे। उस दौरान उन्होंने यहां दाखिल संक्रमितों से बातचीत कर हाल-चाल जाना।
जल्दी शुरू होंगे आरटीपीसीआर एंटीजन टेस्ट
विभाग की तरफ से जल्द ही नाक, गला के स्वैब सैंपल की बजाय आरटीपीसीआर एंटीजन टेस्ट भी लिए जा सकेंगे। डिप्टी सीएमओ डॉ. जया गोयल और नोडल अधिकारी डॉ. सुभाष खटरेजा की तरफ से चिकित्सकों सहित अन्य स्टाफ को ट्रेनिंग दी गई है। यह कोविड-19 टेस्ट इस तरह किए जाएंगे, जैसे गर्भवती महिलाओं के यूरिन टेस्ट किए जाते हैं। इस कारण है कि कुछ संक्रमितों में कोरोना के लक्षण नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है।
राहत : 150 सैंपल की रिपोर्ट आई निगेटिव, दो डिस्चार्ज
जिला नागरिक अस्पताल की तरफ से सोमवार सुबह भेजे गए सभी 150 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। विभाग द्वारा एनआरसीई लैब में भेजे गए सभी सैंपल की रिपोर्ट मंगलवार सुबह आएगी। सोमवार को दो कोरोना मरीजों को ठीक होने के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज से डिस्चार्ज कर दिया।
26 नए चिकित्सकों ने करवाया अपना मेडिकल, 15 ने किया ज्वाइन
जिले को 26 नए चिकित्सक मिल गए हैं। सोमवार को इनमें से 15 चिकित्सकों ने ज्वाइन किया। जिला नागरिक अस्पताल को इनमें से एक ही चिकित्सक मिला है। बाकी चिकित्सक जिले की अन्य जगहों पर तैनात किए जाएंगे। इन सभी चिकित्सकों के ज्वाइन करने के बाद स्वास्थ्य विभाग की काफी परेशानियां कम हो जाएंगी।
एक वेंटिलेटर हुआ इंस्टॉल, कोरोना व गंभीर मरीजों को होगा फायदा
जिला नागरिक अस्पताल में विभाग द्वारा सोमवार को एक वेंटिलेटर इंस्टॉल कर दिया गया है और दूसरा वेंटिलेटर भी जल्द इंस्टॉल किया जाएगा। इससे कोविड-19 व गंभीर मरीजों को काफी फायदा होगा। इससे पहले जिला अस्पताल में एक भी वेंटिलेटर नहीं था और गंभीर मरीजों को रेफर करना पड़ता था। विभाग ने एनस्थीसिया जैसे अन्य चिकित्सकों व स्टाफ की टीम गठित कर दी है। गौरतलब है कि करीब एक माह पहले राज्यसभा सांसद डीपी वत्स ने तीन वेंटिलेटर उपलब्ध करवाए थे। रविवार को एक वेंटिलेटर रोटरी क्लब के सदस्यों ने भेंट किया। सिविल सर्जन डॉ. रत्ना भारती ने बताया कि अस्पताल में एक वेंटिलेटर इंस्टॉल कर दिया गया है और दूसरा वेंटिलेटर भी जल्द इंस्टॉल किया जाएगा।
होटल स्काई इन को भी बनाया कोविड केयर सेंटर : डीसी
भुगतान आधारित कोविड केयर सेंटर का विकल्प चुनने वाले व्यक्तियों के लिए आजाद नगर स्थित होटल स्काई इन को भी कोविड केयर सेंटर बनाया गया है। निर्धारित दरों पर भुगतान करके बाहर से आने वाले व्यक्ति या विद्यार्थी इसमें ठहराव कर सकते हैं। जिलाधीश डॉ. प्रियंका सोनी ने बताया कि सरकारी कोविड केयर सेंटर में क्वारंटीन होने वालों के लिए सभी सुविधाएं निशुल्क हैं, जबकि निर्धारित होटलों में क्वारंटीन होने का विकल्प चुनने वालों को इसके लिए निर्धारित दरों पर भुगतान करना होगा।