फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: दो माह की मोहलत...फिर भी डूबा शहर तो लापरवाही पर नपेंगे अफसर, विधायक विनोद भयाना ने जल निकासी व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश

Tue, 05 May 2026 11:29 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार
विज्ञापन
हांसी में हांसी बैठक के दौरान उपस्थित विधायक विनोद भयाना, डीसी राहुल, एडीसी लक्षित व अन्य। प्रश
विज्ञापन
हांसी। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विधायक विनोद भयाना ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में मंगलवार को आयोजित बैठक में विधायक ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस बार जलभराव के कारण जनता को परेशानी हुई तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

तीन घंटे तक चली मैराथन बैठक में उपायुक्त राहुल नरवाल और एडीसी लक्षित सरीन सहित जनस्वास्थ्य, बिजली निगम, नगर परिषद, लोक निर्माण विभाग और पंचायती राज विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। विधायक विनोद भयाना ने कहा कि बरसाती सीजन शुरू होने में अभी दो महीने का समय है। इस अवधि के भीतर सभी ड्रेनों और नालों की सफाई हर हाल में पूरी हो जानी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पानी की निकासी को मजबूत करने के लिए प्रशासन बजट या संसाधनों की कोई कमी आड़े नहीं आने देगा।
ड्रोन से होगी ड्रेनों की पहरेदारी
विधायक ने कहा कि इस बार ड्रेनों की सफाई में कोई खानापूर्ति नहीं चलेगी। सफाई कार्य का निरीक्षण सबसे पहले ड्रोन कैमरों के जरिये किया जाएगा। इसके बाद वे खुद धरातल पर जाकर काम की गुणवत्ता की जांच करेंगे। शहर में लगभग 150 किलोमीटर लंबी सीवरेज लाइनों की सफाई का कार्य जारी है और फिलहाल चार स्थानों पर कार्य प्रगति पर है।
विज्ञापन


10 जून तक होगा पाइपलाइन बिछाने का कार्य

तोशाम रोड डिस्पोजल केंद्र, श्याम बाबा मंदिर, एसडी कॉलेज रोड, अनाज मंडी के निकट सेक्टर-6 व जगदीश कॉलोनी में अस्थायी पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी शुरू हो चुका है जिसे 10 जून तक पूरा कर लिया जाएगा। डिस्पोजल केंद्रों व सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांटों पर मोटर व जेनसेट स्थापित किए जाएंगे। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि थुराना ड्रेन पर गगनखेड़ी गांव में एक्वाडक्ट परियोजना (पानी को लिफ्ट करना) का निर्माण कार्य एक सप्ताह के भीतर शुरू होगा। 1.54 करोड़ रुपये की इस परियोजना के पूर्ण होने पर कुम्भा, थुराना, गगनखेड़ी, शेखपुरा और पेटवाड़ सहित कई गांवों को बरसाती पानी निकासी में राहत मिलेगी।
260 किलोमीटर लंबे बिजली के तार बदले
बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शहर में कुल 387 किलोमीटर लंबी बिजली लाइन में से 260 किलोमीटर लाइनों के तार बदले जा चुके हैं। भिवानी रोड के पास बन रहे नए बिजली घर का निर्माण पूरा हो चुका है और आगामी 15 मई तक इसे चालू कर दिया जाएगा।

सफाई व्यवस्था पर दिखे असंतुष्ट
विधायक विनोद भयाना शहर की सफाई व्यवस्था पर असंतुष्ट नजर आए। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे शहर को 9 जोन में विभाजित किया जाए। प्रत्येक जोन में तीन वार्ड शामिल हों। हर जोन में सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी तय की जाए व निगरानी के लिए सुपरवाइजर नियुक्त किए जाएं। डीएमसी एवं एडीसी लक्षित सरीन ने विधायक को शहर को सुंदर व सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बनाई गई मास्टर प्लान के बारे जानकारी दी।

भाखड़ा से जोड़ने का कार्य जून तक होगा पूरा
विधायक ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि 1 जून तक भाखड़ा नहर का पानी हांसी के लोगों को हर हाल में मिलना शुरू हो जाना चाहिए। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 17 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है। इसके अतिरिक्त नगर परिषद को फॉगिंग मशीनों व फायर ब्रिगेड की छोटी गाड़ियों की खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें