नारनौंद। नारनौंद क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों में कार की टक्कर से एक तहसील कर्मचारी व दूसरी घटना में एक प्रवासी मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों का हिसार के सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शवों को परिजनों के हवाले कर दिए। वाहन चालकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव खांड़ा खेड़ी निवासी हरिओम ने बताया कि उसका 26 वर्षीय भतीजा अमन बास तहसील में कार्यरत है। वीरवार शाम को अमन बास से ड्यूटी के बाद अपनी बाइक पर घर वापिस आ रहा था। जब वह खांड़ा खेड़ी के पास बने मुर्गी फार्म के पास पहुंचा तो उसकी बाइक को किसी अज्ञात कार चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अमन को हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दूसरे मामले में यूपी के बांदा निवासी श्याम लाल ने बताया कि वह कापड़ो के बजरंग ईंट भट्ठा पर मजदूरी करता है। वीरवार शाम को वह अपने दोस्त राहुल के साथ बाइक पर कापड़ो से सामान लेने के लिए गया था। जब शाम को वह गांव से भट्ठे की तरफ लौट रहे थे तो बस स्टैंड के नजदीक एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह और राहुल घायल हो गए। दोनों घायलों को हिसार के सामान्य अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया। जहां पर देर रात राहुल की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।