हिसार। चंदन नगर में कार वॉश सेंटर संचालक की हत्या के मामले में पुलिस ने किशोर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त अवैध पिस्तौल, 3 कारतूस बरामद किए हैं। किशोर को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे फरीदाबाद के ऑब्जर्वेशन होम में भेजने के आदेश हुए हैं।
वहीं दूसरे आरोपी पश्चिमी बंगाल के जिला जलपाईगुड़ी के गांव बालजोड़ा निवासी विवेक को वीरवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि उससे वारदात के संबंध में पूछताछ की जा सके।
सीआईए मिलगेट प्रभारी सब इंस्पेक्टर जगदीश ने बताया कि हरदीप 2 साल से किराये पर दुकान लेकर एलाइनमेंट और कार वॉश सेंटर चला रहा था। वह प्रतिदिन रात 9 बजे तक घर आ जाता था। 17 अगस्त को जब वह नहीं लौटा तो हरदीप के मोबाइल नंबर पर कई बार कॉल की लेकिन संपर्क नहीं हुआ। रात करीब 12 बजे वह पत्नी कलावती के साथ पैदल दुकान पर पहुंचा तो कमरे के फर्श पर खून बिखरा पड़ा था। बाहर हरदीप खून से लथपथ पड़ा था।
सीसीटीवी फुटेज में दिखे आरोपी
पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो फुटेज में दो आरोपियों दिखाई दिए। एक आरोपी के हाथ में डंडा दिख रहा है। आरोपी दरवाजा खोलकर अंदर घुसते हैं और हरदीप के गोली मारकर पीछे के रास्ते से भाग जाते हैं।
हरदीप घायल अवस्था में उनके पीछे-पीछे जाता है और कमरे से बाहर निकलकर गिर जाता है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का करीब 20 दिन पहले हरदीप के साथ गाड़ी का पंक्चर लगाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश में उन्होंने हरदीप की हत्या कर दी।