अग्रोहा में नीलगाय से टकराकर क्षतिग्रस्त कार।
अग्रोहा। बरवाला मार्ग पर वीरवार को नंगथला गांव के पास सड़क पर अचानक नीलगाय आने से कार में सवार ननद, भाभी सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई जबकि नीलगाय की मौत हो गई।
राजस्थान के भादरा तहसील के गांव श्योकढ़ा निवासी लोकेश ने पुलिस को बताया कि तीन दिन पहले उनके चाचा का निधन हो गया था। उनके भाई रणदीप, राकेश, विकास, भाभी कृष्णा और बहन सपना सहित पांचों परिजन कार में सवार होकर हरिद्वार गए थे। हरिद्वार के पास गंगा नदी में चाचा की अस्थियां बहाने और गंगा स्नान करने के बाद वीरवार सुबह सभी परिजन कार में सवार होकर गांव श्योकढ़ा लौट रहे थे। तभी रास्ते में अग्रोहा से बरवाला मार्ग पर गांव नंगथला के पास कार के आगे अचानक नीलगाय आ गई, जिससे कार में सवार सभी परिजन घायल हो गए।
राहगीरों ने मौके से सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में भर्ती करवाया गया। कार की चपेट में आने से नीलगाय की मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज के सीएमओ डॉ. योगेश कुमार ने बताया कि दो घायलों का उपचार किया जा रहा है जबकि मामूली चोट होने पर प्राथमिक उपचार के बाद अन्य घायलों को छुट्टी दे दी गई है।