कृष्णा नगर में चाकू के हमले मे घायल युवक।
हिसार। कृष्णा नगर में रविवार शाम दो भाइयों पर दो युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। दोनों में एक चिकित्सक व दूसरा वकील है। वारदात के दौरान उन्होंने मुकाबला किया और हमलावरों से चाकू छीन लिया। भीड़ जुटती देखकर हमलावर भाग गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, वहीं दोनों भाइयों को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया।
घायलों के परिजनों के अनुसार आकाश व हरियंत शाम 6 बजे गली में बाइक के साथ खड़े थे। तभी दो युवक वहां आए और उन चाकू से हमला कर दिया। आकाश के सीने व हरियंत की नाक पर चाकू लगा। दोनों हमलावरों से चाकू छीन लिया। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि हमलावर दोनों भाइयों को पीट रहे हैं। मगर शोर-शराबा होने व मौके पर भीड़ इकट्ठा होते देख हमलावर वहां से भाग खड़े हुए। परिजनों ने बताया कि आकाश ने विदेश से एमबीबीएस की पढ़ाई की है और एक निजी अस्पताल में चिकित्सक के पद पर काम करता है। वहीं हरियंत गुरुग्राम से वकालत की प्रैक्टिस कर रहा है। वह होली पर हिसार आया था। वहीं अर्बन एस्टेट थाना पुलिस रूका मिलने पर अस्पताल पहुंची।