प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती निजी अस्पताल में आशा वर्कर व मौके पर स्थिति का जायजा लेते डॉ. अंकित।
- फोटो : Hisar
कंटेनमेंट एरिया में मंगलवार को पीपीई किट पहनकर जांच कर रही दो आशा वर्कर्स गर्मी से बेहोश हो गईं। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने दोनों को संभाला और तुरंत एक निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां दोनों को प्राथमिक उपचार दिया गया।
बता दें कि क्षेत्र में दो मुंबई से आए दो लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद शहर के अप्रोच रोड रेलवे फाटक और सांगवान अस्पताल तक वार्ड छह को प्रशासन ने कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। मंगलवार को एरिया के लोगों की जांच के लिए विभाग की चार टीमें पहुंचीं। इन टीमों में आठ कर्मचारी पीपीई किट पहनकर उतरे। दोपहर 12:15 बजे दो आशा वर्कर्स अचानक बेहोश होकर गिर गईं। इस दौरान दोनों आशा वर्कर्स को उलटियां भी लगीं। दोनों हालत बिगड़ने पर साथी कर्मचारियों ने उनकी पीपीई किट भी उतार दी और दोनों को वहां के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया और प्राथमिक उपचार दिया गया। उस बाद सामान्य अस्पताल उकलाना में एंबुलेंस से इनको ले जाया गया। इस बारे में नोडल अधिकारी डॉ. नरेंद्र ने बताया कि गर्मी अत्यधिक थी और पीपी किट के अंदर तापमान और बढ़ गया, जिस कारण ऐसी स्थिति हुई है। अब आशा वर्कर की स्थिति सामान्य है और किसी प्रकार का कोई खतरा नहीं है।