हिसार। सेशन जज दिनेश कुमार मित्तल की अदालत ने वीरवार को पटेल नगर निवासी अमित की हत्या के मामले में दो दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी शास्त्री नगर निवासी विकास और पटेल नगर निवासी सन्नी पर 11-11 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना न देने पर सात-सात माह की अतिरिक्त सजा काटनी होगी। इस संबंध में पटेल नगर के अंकुश की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने 6 जून 2021 को आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था।
अदालत में चले अभियोग के अनुसार पटेल नगर के रहने वाले अंकुश ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई शिकायत में बताया था कि वह कपड़े बेचने का काम करता है। बड़ा भाई अमित कैमरी मार्ग पर ओवरब्रिज के नीचे चाय की रेहड़ी लगाता था। वारदात से 5-6 दिन पहले विजय ने भाई से रुपये मांगे थे। भाई ने रुपये देने से इन्कार कर दिया था। 6 जून की रात करीब आठ बजे भाई अमित पटेल नगर में एक दुकान के सामने खड़ा था। थोड़ी दूरी पर चाचा ज्ञानचंद धर्मशाला के पास खड़ा था। इसी दौरान शास्त्री नगर निवासी विकास और पटेल नगरवासी सन्नी आए। दोनों के हाथों में चाकू और डंडे थे। आरोपियों ने भाई पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद अमित को गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल लेकर गए, जहां से मेडिकल कॉलेज अग्रोहा रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में भाई ने दम तोड़ दिया। उक्त मामले में अदालत ने दोषी विकास और सन्नी को आजीवन कठोर कारावास की सजा सुनाई है।