संवाद न्यूज एजेंसी
हिसार। साइबर थाना पुलिस ने दिल्ली रोड स्थित सैनी स्वीट्स संचालक से 1.27 लाख रुपये की ठगी करने के दो आरोपी मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी सोनू गौड़ और शैलेंद्र गौड़ को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच अधिकारी उप निरीक्षक विकास ने बताया कि 24 अक्तूबर को सैनी स्वीट्स संचालक ने शिकायत में बताया कि नगर निगम से राजेश गुप्ता नाम के व्यक्ति ने फोन किया। उसने बतया कि तहबाजारी टीम ने रिफाइंड और घी के टीन जब्त किए हैं। कमिश्नर ने कहा कि आपको नगर निगम की रसीद कटवा कर ये माल दे दें। मिठाई विक्रेता को नगर निगम आने के लिए कहा और सामान की कीमत 94,500 बताई।
मिठाई विक्रेता के नगर निगम पहुंचने पर सुरेश नाम का व्यक्ति आया और राशि लेकर चला गया। 10 मिनट के बाद उसी नंबर से कॉल आई और कहा कि 5 टीन देसी घी के 32,500 रुपये गूगल कर दो। इस पर मिष्ठान भंडार के संचालक ने रुपये भेज दिए। जांच में सामने आया कि मिठाई विक्रेता से लिए रुपये आरोपी सोनू के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर किए गए थे। सोनू ने अपना बैंक अकाउंट 10 हजार रुपये में शैलेंद्र को बेचा था। शैलेंद्र ने वही अकाउंट कमीशन पर आगे दे रखा है। आरोपी सोनू और शैलेंद्र आपस में रिश्तेदार हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।