हांसी। बस स्टैंड के सामने एक स्पेयर पार्ट्स संचालक के कार्यालय से मालिक ने चोरी करते दो युवकों को पकड़ा। दोनों युवकों को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया व उनसे चोरी किया गया सामान भी बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस को दी शिकायत में गढ़ी मोहल्ला निवासी श्रुति गोयल ने बताया कि उसका बस स्टैंड के सामने वाली गली में कार्यालय है। उसके कार्यालय से पिछले वर्ष से चोरी हो रही थी, लेकिन चोर पकड़ में नहीं आ रहा था। बुधवार को उसने कार्यालय से चोरी करते हुए दो चोरों को पकड़ा। जिन्हें पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया।
दोनों की पहचान पटेल चौक निवासी नसीब व मोनू के रूप में हुई। दोनों उसके कार्यालय की खिड़कियां तोड़कर अंदर घुसे थे। मौके पर चोरों से 4 मीटर तार, दो डीजल फिल्टर, दो हैड लाइट, दो इंडीकेटर, एक मीटर बॉक्स, एक रिंग का डब्बा, एक रिफ्लेक्टर व अन्य सामान बरामद किया गया। श्रुति के अनुसार उनके कार्यालय से 3 एसी, स्पेयर पार्ट्स व कार्यालय का अन्य सामान चोरी कर रखा है। जिसका आज तक कोई सुराग नहीं लगा।