हिसार। सीआईए हिसार ने धोखाधड़ी से नकली नोटों का कारोबार करने के मामले में आरोपी पीरांवाली निवासी जागीर सिंह, सतनाम को गिरफ्तार किया है। सीआईए ने आरोपियों से 10 लाख रुपये के चिल्ड्रन बैंक के नोट बरामद किए हैं। आरोपियों ने चिल्ड्रन बैंक के नोटों की गड्डी के दोनों तरफ एक-एक असली नोट लगाए हुए थे।
सीआईए इंचार्ज उप निरीक्षक कर्ण सिंह ने बताया कि 8 अप्रैल देर रात सिरसा रोड पर झिड़ी पुल के पास गाड़ियों की टक्कर होने और रुपये की छीना झपटी की सूचना मिली थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो मलापुर, लुधियाना निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ साहिल ने शिकायत में बताया कि दो दिन पहले सतनाम नामक व्यक्ति से व्हाट्सएप पर बात हुई थी। सतनाम ने उसे रुपये की वीडियो भी दिखाई।
इसके बाद शिकायतकर्ता दोस्त के साथ 50 हजार रुपये लेकर शाम सिरसा रोड पर झिड़ी पुल के पास पहुंच सतनाम को फोन किया तो उसने इंतजार करने को कहा। कुछ समय बाद एक गाड़ी में एक व्यक्ति आया और अपने आप को सतनाम बताया। उसने बताया कि उसके पास 5 लाख रुपये है। शिकायतकर्ता के 50 हजार रुपये दिखाने पर सतनाम ने उसे बैग में नोटों की गड्डियां दिखाई। शिकायतकर्ता को शक होने पर उसने रुपये चेक करवाने के लिए कहा। इस पर सतनाम का साथी जागीर सिंह आया और उनसे 50 हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद सतनाम गाड़ी को टक्कर मारते हुए भाग निकले।
सीआईए प्रभारी में बताया कि शिकायतकर्ता की मदद से एक आरोपी जागीर सिंह को मौके पर दबोच लिया गया था। बाद में सतनाम को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से चिल्ड्रन बैंक के 10 लाख रुपये के नोट बरामद किए हैं। वीरवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।