वाहन चेकिंग अभियान के दौरान सिटी थाना पुलिस ने दो युवकों को चोरी की बाइक सहित दबोचा है। सिटी थाने में एएसआई रविंद्र ने शिकायत दी कि शनिवार शाम करीब सवा छह बजे वह सेक्टर-14 गेट नंबर दो के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे तो उस दौरान सिरसा चुंगी की तरफ से दो युवक एक बाइक पर जा रहे थे, जिन्हें रुकने का इशारा किया तो उन्होंने बाइक भगाने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।
पूछताछ में उन्होंने अपना नाम सीसवाला निवासी राजकुमार उर्फ चमन व दूसरे ने रोहताश बताया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अनाज मंडी चौकी प्रभारी एएसआई रविंद्र ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की इस बाइक के अलावा बाइक चोरी की पांच और वारदात कुबूली हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने दो बाइक महावीर स्टेडियम के पास से, जिनमें से एक बाइक 15 दिन पूर्व और एक बाइक करीब तीन माह पूर्व चोरी की थी। एक बाइक टाउन पार्क के पास से करीब 15 दिन पूर्व, एक बाइक बालसमंद नहर के पास से करीब छह माह पूर्व, एक बाइक आजाद नगर जेल के सामने से करीब छह माह पूर्व चोरी की थी। पुलिस ने बताया कि शनिवार को जिस बाइक के साथ आरोपी दबोचे गए, यह बाइक भी उन्होंने करीब एक सप्ताह पूर्व ऑटो मार्केट से चोरी की थी।