नारनौंद। फिंगर चिप्स को कच्चा बताने पर झगड़े के दौरान राजपुरा निवासी अंकित की हत्या के आरोप में पुलिस ने वीरवार को होटल संचालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी वार्ड-1 निवासी संजय उर्फ संजू व होटल संचालक भैणी अमीरपुर निवासी शौकिन को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
थाना प्रभारी बलवान सिंह ने बताया कि अंकित 18 मई की रात करीब 10 बजे अपने दोस्त भिवानी निवासी कपिल और माजरा निवासी अनूप के साथ बस स्टैंड के पास रॉयल ब्लू फास्ट फूड एंड रेस्टोरेंट में बैठकर फिंगर चिप्स खा रहा था। अंकित ने होटल कर्मचारी भैणी अमीरपुर निवासी प्रदीप से फिंगर चिप्स कच्ची होने की शिकायत की तो उसने तैश में आकर उस पर धारदार हथियार से वार कर दिया। इसके बाद होटल संचालक व अन्य ने उस पर चाकू-सुओं से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अंकित को हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अंकित के भाई अमन के बयान पर प्रदीप व 5 अन्य के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। पुलिस ने वीरवार को इनमें से आरोपी संजय उर्फ संजू व शौकीन को गिरफ्तार कर लिया है।