हिसार। मोबाइल फोन पर कॉल कर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में आजाद नगर थाना पुलिस ने आर्य नगर निवासी नरेश उर्फ भैया और रवींद्र उर्फ बिंदु को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
आर्य नगर निवासी धर्मपाल जाखड़ ने आजाद नगर थाने में शिकायत दी थी कि 18 अगस्त को उसके मोबाइल पर अलग-अलग नंबरों से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
उप निरीक्षक सुभाष ने बताया कि जांच के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। पूछताछ में रंगदारी मांगने में उनकी भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।