हिसार। डीएसपी क्राइम कमलजीत की टीम ने खतरनाक हथियारों से हमला करने और एससी-एसटी एक्ट के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भिवानी की वकील कॉलोनी निवासी अनुराग और गांव मुकलान निवासी दीपेंद्र के रूप में हुई है।
डीएसपी कमलजीत ने बताया कि गांव भगाना निवासी रोहित ने शिकायत दी थी कि रंजिश के चलते कुछ लोगों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला किया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपियों ने जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। इससे पहले नवनीत उर्फ नोनी, अक्षित, अजय और आशीष को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।