हिसार। दूसरे खेलो इंडिया बीच गेम्स के तहत नारनौंद तहसील के गांव मदनहेड़ी स्थित खेल स्टेडियम में 21 दिसंबर को दोपहर 12 बजे महिला व पुरुष वर्ग की 27वीं जूनियर नेशनल और 38वीं सीनियर नेशनल टीम के लिए रस्साकशी के चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। इन ट्रायल में प्रदेश के सभी पात्र रस्साकशी खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
अंतरराष्ट्रीय रस्साकशी खिलाड़ी एवं टग ऑफ वार हरियाणा के सहसचिव प्रदीप चहल तथा राज्य प्रवक्ता राजेश दलाल ने बताया कि ट्रायल के लिए टग ऑफ वार फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा चयन समिति का गठन किया गया है। नामांकित समिति के अध्यक्ष सज्जन कुमार गोयत होंगे। समिति में अंतरराष्ट्रीय रस्साकशी खिलाड़ी पुष्पा, सुदेश, हरपाल सिंह और अजमेर सिंह को सदस्य बनाया गया है।
ट्रायल में चयनित खिलाड़ी 5 से 11 जनवरी तक केंद्र शासित प्रदेश दमन एवं दीव में प्रस्तावित द्वितीय खेलो इंडिया बीच गेम्स में महिला, पुरुष व मिश्रित वर्ग की प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। इसके बाद चयनित खिलाड़ी 27 जनवरी से 3 फरवरी तक महाराष्ट्र में आयोजित होने वाली महिला व पुरुष वर्ग की जूनियर, सब-जूनियर और सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।