हिसार। जननायक जनता पार्टी (जजपा) के बरवाला से विधायक जोगीराम सिहाग ने करीब 15 साल पहले अपनी एक कॉलोनी में एक संस्था को दिव्यांग बच्चों के लिए स्कूल बनाने के लिए एक हजार गज जमीन दान दी थी। दान दी गई जमीन पर चहारदीवारी बनाकर कब्जे की कोशिश की गई। संस्था ने विधायक और उनके साथियों के खिलाफ पुलिस से शिकायत की। संस्था ने विधायक पर जमीन पर कब्जा कराने का आरोप लगाया है। इस घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने मौके का निरीक्षण कर फिलहाल निर्माण कार्य को रुकवा दिया है। पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
हिसार वेलफेयर सोसायटी फॉर मेंटिली हैंडिकैप चिल्ड्रन संस्था की तरफ से पुलिस को दी शिकायत में संस्था के सदस्य एडवोकेट राजेश जाखड़ ने बताया कि उनकी संस्था वर्ष 1993 से दिव्यांग बच्चों के हित में काम करती है। संस्था राजीव नगर में साकार स्कूल भी संचालित कर रही है। संस्था के पूर्व प्रधान स्वर्गीय बाबू सुखदेव अग्रवाल व सचिव स्वर्गीय जगत स्वरूप एडवोकेट वर्ष 2007 में संस्था के लिए जमीन की तलाश कर रहे थे। दिसंबर 2007 में जोगीराम सिहाग ने सेक्टर 9-11 के पीछे स्थित अपनी प्राइवेट कॉलोनी तारानगर साउथ सिटी में एक हजार गज जमीन संस्था को दान दी। संस्था ने 24 जून, 2008 को इसकी रजिस्ट्री संस्था के नाम करवा ली। इसके बाद नगर निगम (तब नगर परिषद) में स्कूल का नक्शा पास करवाने के लिए एक लाख, 50 हजार रुपये की फीस जमा करवा दी। कुछ कारणों के चलते आज तक नक्शा पास नहीं हुआ है।
उन्होंने बताया कि दो मई को संस्था के पदाधिकारियों को पड़ोसियों ने सूचना दी कि उपरोक्त जमीन पर ईंटें रखी हैं, मिट्टी डलवाई जा रही है। सोसायटी के पदाधिकारी राकेश अग्रवाल व अन्य मौके पर पहुंचे, तो वहां पर भाजपा नेता पवन खारिया मौके पर चहारदीवारी बनवा रहे थे। जब उनका विरोध किया, तो उन्होंने विधायक जोगीराम सिहाग से बात करने के लिए कहा। इस संबंध में विधायक जोगीराम सिहाग से बात की, तो उन्होंने कहा कि मैंने जमीन दान में दी थी और मैं वापस ले रहा हूं। इसके बाद संस्था ने पुलिस को शिकायत दे दी।
साढ़े तीन करोड़ रुपये की हो गई जमीन..
दरअसल, जब यह जमीन दान में दी गई थी, तब इसके दाम बेहद कम थे। अब सेक्टर 9-11 के विकसित होने व साउथ बाईपास बनने के बाद इस जमीन के दाम आसमान को छू रहे हैं। अब जमीन के भाव करीब 35 हजार रुपये प्रति गज है। इस हिसाब से यह जमीन कम से कम साढ़े तीन करोड़ रुपये की हो गई है।
विधायक जोगीराम के खिलाफ शिकायत मिली है। इस मामले की जांच की जा रही है। अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। मौके पर फिलहाल काम रुकवा दिया गया है।
लोकेंद्र सिंह, एसपी, हिसार।
- विधायक जोगीराम ने करीब पंद्रह साल पहले यह जमीन संस्था को दान में दी थी। संस्था ने कोई काम नहीं करवाया, इसलिए मैं विधायक के कहने पर वहां पर चहारदीवारी बनवा रहा था।
पवन खारिया, भाजपा नेता, हिसार
मैंने जमीन दी थी, जिसको जमीन दी थी उसकी मौत हो चुकी है। जो उसका नॉमिनी है वह जमीन पर चहारदीवारी वही बनवा रहा है। नॉमिनी कौन है वह तो रिकॉर्ड ही बताएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि वे कब्जा नहीं करवा रहे हैं। मैंने जमीन दान दे दी थी, अब मेरा इससे कोई लेनादेना नहीं है। पदाधिकारियों में लालच है, उनमें आपस में टकराव है।
जोगीराम सिहाग, विधायक , बरवाला