हिसार। साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड पर चल रही कथित स्कीम बंद कराने का झांसा देकर एक एलआईसी कर्मचारी से 69,964 रुपये ठग लिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि ढाणी श्याम निवासी महिला के पास एसबीआई का क्रेडिट कार्ड है। 26 मई को बिल भुगतान के बाद उसे एक कॉल आई जिसमें बताया कि उसके कार्ड पर एक स्कीम सक्रिय है और उसे बंद कराने के लिए ओटीपी साझा करना होगा। महिला ने व्यस्तता के चलते कॉलर को दो बार ओटीपी बता दिया। बाद में घर पहुंचकर मोबाइल चेक करने पर पता चला कि उसके क्रेडिट कार्ड से 69,964 रुपये की दो ऑनलाइन ट्रांजेक्शन हो चुकी हैं। इसके बाद उसने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।