हिसार। हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे-9 बाईपास स्थित रायपुर चौक पर व्हीकुलर अंडरपास (वीयूपी) बनाया जाएगा। करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की सहमति के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने काम शुरू कर दिया है।
वीयूपी निर्माण के लिए हाईवे के दोनों ओर भूमि की पैमाइश कराई गई है। भूमि उपलब्धता के आधार पर परियोजना को मंजूरी दी गई है। हिसार शहर से रायपुर की ओर जाने वाले हजारों वाहन प्रतिदिन नेशनल हाईवे-9 को पार करते हैं। सड़क सुरक्षा समिति ने इस क्रॉसिंग को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित किया था। इस चौक पर पिछले एक वर्ष में छह लोगों की मौत के बाद क्षेत्र के लोगों ने पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा से ओवरब्रिज निर्माण की मांग की थी। बरवाला विधानसभा क्षेत्र के रायपुर, शिकारपुर, नियाणा, खरड़, अलीपुर, कुतुबपुर ढाणी, खोखा, चैनत और भाटला सहित कई गांवों के लोग इस मार्ग का उपयोग करते हैं। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी तो पीडब्ल्यूडी और एनएचएआई अधिकारियों ने ओवरब्रिज के बजाय व्हीकुलर अंडरपास बनाने का सुझाव दिया। करीब छह माह पहले मंत्री रणबीर गंगवा ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को इस संबंध में पत्र सौंपा। अब मंत्रालय ने परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी।
भारी और हल्के वाहन गुजर सकेंगे
व्हीकुलर अंडरपास से भारी और हल्के वाहन गुजर सकेंगे। इसकी ऊंचाई 5.5 मीटर प्रस्तावित है। परियोजना पर लगभग 25 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। एनएचएआई इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करा रहा है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
-
एयरपोर्ट चौक पर भी मंथन
एयरपोर्ट चौक पर यातायात समस्या के समाधान को लेकर भी एनएचएआई मंथन कर रहा है। तलवंडी राणा की ओर से एयरपोर्ट के पास से होकर नेशनल हाईवे-9 तक पहुंचने वाले वाहन चालक हिसार शहर की ओर जाने के लिए अक्सर विपरीत दिशा का उपयोग करते हैं। तलवंडी राणा की ओर से आने वाले वाहन चालकों को डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित मिर्जापुर चौक से घूमकर वापस न आना पड़े इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था तलाशने पर विचार किया जा रहा है।
-
हिसार में नए वीयूपी को लेकर निर्देश मिले हैं जिन पर कार्य किया जा रहा है। जल्द ही अंतिम रिपोर्ट तैयार कर ली जाएगी। हिसार कैंट क्षेत्र में भी वीयूपी का प्रस्ताव है जिस पर शीघ्र काम शुरू कराया जाएगा।- मुकेश मीणा, परियोजना निदेशक, एनएचएआई, हिसार
रायपुर चौक पर वीयूपी निर्माण के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से अनुरोध किया था जिस पर उन्होंने सहमति दे दी है। उम्मीद है कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। परियोजना पूरी होने से दस से अधिक गांवों के हजारों वाहन चालकों को फायदा होगा।
- रणबीर गंगवा, पीडब्ल्यूडी मंत्री, हरियाणा