हिसार। नागोरी गेट से पारिजात चौक तक वन वे ट्रैफिक प्लान को लेकर सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता व्यापारियों की एकजुटता के सामने बेबस नजर आए। शनिवार को व्यापारियों व सीपीएस की उनके आवास पर हुई बैठक में व्यापारियों ने अपना पक्ष रखते हुए ट्रैफिक को लेकर बनाया गया नक्शा सीपीएस को सौंपा। पहले सीपीएस प्रशासन के प्लान को लेकर अड़े रहे, लेकिन व्यापारियों के रुख को देखकर उन्हें बात माननी पड़ी।
पहले तो उन्होंने कहा कि नक्शा जिसे प्रशासन ने बनाया है वही प्लान लागू होगा, मगर आखिर तक धीरे-धीरे व्यापारियों की बात पर सहमत होते नजर आए। व्यापारियों के दिए गए सुझाव व नक्शे पर अंत में ट्रायल करवाकर देखने की बात कही गई। हालांकि डॉ. गुप्ता ने कहा कि मैं प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष ये प्लानिंग रखता हूं और ट्रायल करवाकर देखेंगे। अगर ये प्लान कुछ ठीक लगा तो सही है, वरना वही प्लान तो लागू करना ही होगा। इस पर व्यापारियों ने दो टूक कहा कि जो प्रशासन का प्लान है उसके हिसाब से तो उनका धंधा ही चौपट हो जाएगा। हम ये प्लान कतई लागू नहीं होने देंगे।
व्यापारियों ने सीपीएस के आगे दी सफाई
सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता ने व्यापारियों को उनके आवास पर पहुंचते ही सबसे पहले ये बात कही कि मुझे बड़ा दुख हुआ जब वन वे के ट्रायल पर ही आपने इतना बड़ा बखेड़ा कर दिया। इस पर व्यापारियों ने कहा कि हमने ऐसा कुछ नहीं कहा, पूरा मामला मीडिया ने उछाला है। इस पर व्यापारी सीपीएस के समक्ष सफाई पेश करने लगे।
सीपीएस ने व्यापारियों से की रिक्वेस्ट
सीपीएस डॉ. गुप्ता ने कहा कि व्यापारियों का यहां दोहरा मकसद हो सकता है मगर मेरा नहीं। मैं तो सिर्फ जनहित के बारे में सोच रहा हूं। उन्होंने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि मैं रिक्वेस्ट करता हूं कि इस प्लान को सिरे चढ़ने दो, ताकि शहर को जाम से मुक्ति मिल सके।
व्यापारियों ने मांगा 5 फुट फुटपाथ व 20 फुट चौड़ी सड़क
रेलवे रोड मार्केट के व्यापारियों ने सीपीएस के समक्ष रखे सुझावों में कहा कि उनकी तरफ उन्हें 5 फुट का फुटपाथ व 20 फुट चौड़ी सड़क दी जाए। छोटे वाहन इसी रोड से गुजारे जाएं।