हिसार। लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) का पशु पोषण विभाग एक से सात दिसंबर तक संतुलित आहार एवं खनिज मिश्रण के पशुपालन में महत्व विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगा। इसका उद्देश्य पशुपालकों को वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन की जानकारी देना और युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है।
प्रशिक्षण निदेशक डॉ. सज्जन सिंह ने बताया कि पशुपालन के कुल खर्च का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा आहार पर होता है। संतुलित और पौष्टिक आहार की कमी से पशुओं के स्वास्थ्य, दूध उत्पादन और प्रजनन क्षमता पर प्रतिकूल असर पड़ता है। प्रशिक्षण में संतुलित आहार तैयार करने, खनिज मिश्रण के महत्व, आहार में मिलावट की जांच और प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी। साथ ही खनिज मिश्रण ब्लॉक बनाने और पशु आहार निर्माण की नवीन तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। पशु आहार व्यवसाय शुरू करने के लिए ऋण और बीमा संबंधी जानकारी भी दी जाएगी।
निशुल्क प्रशिक्षण के लिए 28 प्रतिभागियों का चयन होगा। इनमें अनुसूचित जाति के 20 और अन्य जातियों के आठ युवा शामिल होंगे। अनुसूचित जाति के प्रतिभागियों को प्रतिदिन 100 रुपये भोजन भत्ता और 100 रुपये मानदेय मिलेगा। अन्य प्रतिभागियों को कोई वित्तीय लाभ नहीं दिया जाएगा।
आवेदन के लिए न्यूनतम योग्यता दसवीं पास है। उच्च शिक्षा प्राप्त अभ्यर्थियों को प्राथमिकता मिलेगी। प्रशिक्षण पूरा करने पर प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। इच्छुक उम्मीदवार 27 नवंबर तक जाति प्रमाण-पत्र के साथ पशु पोषण विभाग, लुवास, हिसार में आवेदन जमा कर सकते हैं। कार्यक्रम की संयोजक डॉ. नैन्सी श्योराण हैं। संवाद