हिसार महिला इंद्रो देवी जनपरिवाद समिति की बैठक में अपनी व्यथा सुनाते हुए भावुक हो गई।
हिसार। लघु सचिवालय परिसर स्थित जिला सभागार में जन परिवाद समिति की बैठक में शुक्रवार को पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने 14 में से 11 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया। शेष 3 शिकायतों को आगामी बैठक के लिए लंबित रखते हुए समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान मंत्री ने फर्जीवाड़े से महिला के नाम से लोन लेकर ट्रैक्टर निकलवाने वाले व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज करने के निर्देश दिए।
बैठक में गांव बधावड़ निवासी इंद्रो देवी ने शिकायत में कहा कि उसके पति का करीब 6 महीने पहले देहांत हो गया था। इसके बाद उसे बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये मिले थे। वह बैंक से रुपये निकालने गई तो पता चला कि उसके नाम पर ट्रैक्टर लोन चल रहा है। बैंक ने उसका सारा रुपया ट्रैक्टर लोन की किस्त में काट लिया। इंद्रो देवी ने कहा कि गांव के ही काला ने धोखाधड़ी से उसके नाम पर लोन लिया है। मंत्री ने धोखाधड़ी से ट्रैक्टर निकलवाने वाले व्यक्ति पर एफआईआर के आदेश दिए। अगली बैठक में संबंधित बैंक के प्रतिनिधि को भी बुलाया है।
इन शिकायतों पर कार्रवाई के दिए निर्देश
ज्ञान चंद गोयल की अवैध काॅलोनी पर नगर योजनाकार कार्यालय की ओर से कार्रवाई नहीं करने की शिकायत पर मंत्री ने हांसी पुलिस अधीक्षक को स्वयं जांच करने के निर्देश दिए।
शिवदत्त, सुशील कुमार, रमेश कुमार व कृष्ण की अरेना गोल्ड सुक-कनाट प्लेस प्रोजेक्ट सेक्टर 25 में 13 साल बाद भी दुकान पर कब्जा न मिलने की शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त को निर्देश दिए कि पीड़ितों को पेमेंट का अग्रिम चेक दिलवाएं।
अनूप निवासी गांव खेड़ा रांगड़ान तहसील बास की कोटे का राशन संबंधी शिकायत पर एसडीएम नारनौंद को एक हफ्ते में जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस मामले में जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक ने बताया कि संबंधित की राशन सप्लाई को बंद कर दिया गया है। राशन डिपो संचालकों से वसूली संबंधी शिकायत पर जांच हांसी पुलिस अधीक्षक को दी गई।
रोहताश गुप्ता निवासी बरवाला प्रॉपर्टी आईडी संबंधी शिकायत पर नगर निगम आयुक्त को मामले की जांच करने के निर्देश दिए। बैठक में कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने हिदायत दी कि न्यायालय में लंबित मामलों को आगे से ग्रीवेंस बैठक में नहीं रखा जाएगा। गांव न्योली खुर्द के निवासी ओमप्रकाश की सेक्टर 14 के समीप से गुजरने वाली ड्रेन की सफाई के निर्देश दिए।