ब्लूबर्ड टूरिस्ट रिजॉर्ट का औचक निरीक्षण करते दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा।
हिसार। प्रदेश के पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने रविवार को सिरसा रोड स्थित ब्लू बर्ड टूरिस्ट रिजॉर्ट का औचक निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कैबिनेट मंत्री ने रिजॉर्ट की ऑनलाइन बुकिंग की अपडेट स्थिति को जाना व एक माह का रिकॉर्ड जांचा। रविवार को हिसार में नलवा विधायक रणधीर पनिहार की माता के निधन पर शोक व्यक्त करने उपरांत पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा सिरसा रोड स्थित ब्लूबर्ड टूरिस्ट रिजॉर्ट पहुंचे।
रिजॉर्ट प्रबंधक द्वारा कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा के सामने कुछ मांग रखी, जिस पर उन्होंने जल्द ही पूरा करवाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी टूरिस्ट काॅम्प्लेक्स को बेहतर बनाने के लिए काम किया जा रहा है। काॅम्प्लेक्स में सफाई व अन्य किसी भी विषय को लेकर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार के पास बजट की कोई कमी नहीं है। इसे लेकर केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ बैठक हो चुकी है। उन्होंने बजट में भी प्रदेश के अंदर एनसीआर क्षेत्र में डिज्नीलैंड के लिए जगह व जंगल सफारी के लिए बजट का प्रावधान करने की मुख्यमंत्री समक्ष मांग रखी है।