हिसार के सेक्टर 14 पार्ट टू की सड़क पर जमा दूषित पानी।
हिसार। शहर के सेक्टर-14 पार्ट टू में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से शिकायत की है। सेक्टरवासियों की मानें तो सेक्टर के प्लॉट की अलॉटमेंट वर्ष 2014 में हुई थी और पोजेशन वर्ष 2017 में दिया गया। तब से अब तक सेक्टर में लगभग 60 प्रतिशत मकान बन चुके हैं, लेकिन सेक्टरवासियों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। सेक्टरवासियों का कहना है कि इन समस्याओं पर तुरंत संज्ञान लिया जाए ताकि सेक्टरवासियों को राहत मिले।
मुख्यमंत्री से शिकायत में सेक्टरवासियों ने कहा है कि सेक्टर की सड़कों का प्रारंभिक निर्माण तो हुआ था, लेकिन उसके बाद कभी दोबारा से कारपेटिंग नहीं की गई। इस कारण कई स्थानों पर सड़कें पूरी तरह से टूट चुकी हैं। सेक्टर में पार्कों के लिए भूमि आरक्षित होने के बावजूद अब तक उनका कोई विकास नहीं किया गया है। सिरसा रोड स्थित भैंस फार्म के पास प्रस्तावित मुख्य प्रवेश व निकास मार्ग एचएसवीपी और अन्य विभागों के बीच आर्थिक मतभेद के कारण अब तक लंबित है।
सेक्टर के कई हिस्सों में सीवर जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे खाली प्लॉटों में गंदा पानी भर जाता है। सेक्टर-33 में बिजली घर की भूमि पहले से ही चिह्नित है, लेकिन एचएसवीपी और बिजली विभाग के बीच कीमत के विवाद के कारण इसका निर्माण नहीं हो पाया है। सेक्टर में सफाई व्यवस्था अत्यंत खराब स्थिति में है। सेक्टर की सड़कों और खाली प्लॉटों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है।