भिवानी-रेवाड़ी रेलवे लाइन पर दोहरीकरण के कार्य के चलते रविवार को दस रेलगाड़ियों के आंशिक रूप से रद्द रहने से 12 हजार यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ेगी। यात्री हिसार-रेवाड़ी रूट पर सिर्फ भिवानी तक ही सफर कर पाएंगे। वहीं, हिसार आने वाली गाड़ियां रेवाड़ी तक ही चलाई जाएगी। दोहरीकरण के कार्य के चलते रेलगाड़ियों को भिवानी से रेवाड़ी के मध्य रद्द रखा जाएगा। रविवार को हिसार स्टेशन से जाने वाली एक गाड़ी पूरी तरह से तथा 9 रेलगाड़ियां आंशिक रूप से रद्द रखी गई है। शनिवार को भी गाड़ी संख्या 54783 जो फाजिल्का से रेवाड़ी तक चलाई जाती है। इसे भिवानी से रेवाड़ी के बीच आंशिक रूप से रद्द रखा गया। यह गाड़ी शाम 5 बजे हिसार से रवाना होती है। शनिवार को यह गाड़ी सिर्फ भिवानी तक चलाई गई।
ये गाड़ियां रहेंगी आंशिक रद्द
हिसार रेलवे स्टेशन से जाने वाली गाड़ियों में से रविवार को हिसार-रेवाड़ी गाड़ी को पूरी तरह से रद्द किया गया है। गाड़ी संख्या 54751 रेवाड़ी-गंगानगर भिवानी से रेवाड़ी के मध्य रद्द रहेगी। गाड़ी संख्या 54782 रेवाड़ी-भठिंडा गाड़ी को रेवाड़ी से भिवानी के मध्य कैंसिल किया गया है। गाड़ी संख्या 74848 हिसार-रेवाड़ी गाड़ी को हिसार से नांगलमूंदी तक ही जा पाएगी। नांगलमूंदी से रेवाड़ी तक यह रद्द रहेगी। गाड़ी संख्या 74845 रेवाड़ी-हिसार नांगलमूंदी से रेवाड़ी के मध्य रद्द रहेगी। गाड़ी संख्या 59721 व गाड़ी संख्या 59722 को रेवाड़ी से जयपुर के मध्य चलाया जाएगा। हिसार से रेवाड़ी के बीच इन दोनों गाड़ियों को रद्द रखा गया है। वहीं गाड़ी संख्या 74846 नांगलमूंदी से रेवाड़ी के मध्य इसे रद्द रखा गया है। 74847 रेवाड़ी से नांगलमूंदी तक रद्द रहेगी।
बसों की ओर कर सकते हैं रुख
हिसार से अधिकांश गाड़ियों के रद्द रहने के चलते रेलवे से यात्रा करने वाले यात्री बसों और निजी साधनों के सहारे सफर कर सकते हैं।
डबल लाइन होने से क्रॉसिंग की समस्या होगी खत्म
भिवानी-रेलवे लाइन पर डबल लाइन बनाए जाने से हिसार से आने-जाने वाली ट्रेनों में क्रॉसिंग की समस्या में कमी आएगी। इससे अधिकांश रेलगाड़ियां अपने निर्धारित समय से आगमन व प्रस्थान कर पाएगी।
दोहरीकरण के कार्य के चलते अधिकांश गाड़ियां के रद्द रहने से यात्रियों को मुश्किलें पेश आएगी, लेकिन दोहरीकरण के कार्य के बाद रेलगाड़ियों को क्रॉसिंग की समस्या से मुक्ति मिल जाएगी।
-निहाल सिंह, स्टेशन अधीक्षक, रेलवे स्टेशन, हिसार।