हिसार। जिले के मंदिरों में शनिवार अन्नकूट का प्रसाद वितरित किए जाएगा। मंदिरों में शुक्रवार रात को ही 40 से ज्यादा कारीगरों ने प्रसाद बनाना शुरू कर दिया था। हनुमान मंदिर मोती बाजार में 71 क्विंटल प्रसाद बनाया जाएगा।
इस दौरान 45 क्विंटल कढ़ी, 15 क्विंटल पंचमेला सब्जी, 3 क्विंटल खिचड़ी, 4 क्विंटल पूरी, 4 क्विंटल हलवा व अन्य प्रसाद वितरित किया जाएगा। 40 कारीगर रात 12 बजे से ही प्रसाद बनाना शुरू करेंगे। विश्वकर्मा धर्मशाला में 400 किलो दाल, 200 किलो हलवा, 900 किलो आटा, 300 किलो सब्जी, 300 किलो पेठा सब्जी बनाई जाएगी। हनुमान मंदिर नागोरी गेट,श्री हरियाणा कुरुक्षेत्र सनातन धर्म ट्रस्ट मंदिर में 71 क्विंटल प्रसाद तैयार किया जाएगा।
अर्बन एस्टेट स्थित शास्त्री पार्क में शुक्रवार को अग्रवाल सेवा समिति द्वारा 24वां अन्नकूट का महाप्रसाद वितरण किया जाएगा। तैयारियों को लेकर अग्रवाल सेवा समिति की बैठक हुई, जिसमें समिति के प्रधान जयकुमार की अध्यक्षता में लिए निर्णय को समिति के प्रवक्ता सजंय डालमिया ने विस्तार से बताया कि वर्ष 2000 से समिति द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विश्वकर्मा दिवस पर अन्नकूट के पावन पर्व पर गौवर्धन पूजा के उपरांत 11 बजे कढ़ी चावल, पूरी, हलवा, बाजरा व मिक्स सब्जी का प्रसाद वितरण किया जाएगा। इस पर्व पर लोग प्रसाद अपने घरों में ले जाते हैं और परिवार में ग्रहण करते हैं। श्रीराम भक्त हनुमान मंदिर समिति गली नंबर 2 जवाहर नगर में गोवर्धन पूजा व अन्नकूट पर्व का आयोजन करेगी।