हांसी। 31 मार्च को वित्त वर्ष के समाप्त होने से पहले बकाया गृह कर जमा करवाने के लिए शनिवार को नगर परिषद में गृह कर शाखा खोली गई। ऐसे में लोग ब्याज से बचने के लिए चलते छुट्टी के दिन भी कर जमा करवाने पहुंच रहे हैं। शनिवार को 17 लोगों ने 45 हजार रुपये का गृह कर जमा करवाया। शाखा दोपहर तीन बजे तक खुली रही। रविवार को भी शाखा खुली रहेगी।
ऐसे लोग जिन्होंने अपना गृह कर इस चालू वित्त वर्ष 2024-25 में नहीं भरा है, उन पर मंगलवार से आर्थिक बोझ बढ़ जाएगा। एक अप्रैल से उनके गृह कर में वर्ष 2024-25 के बकाया गृह कर पर 18 प्रतिशत का ब्याज भी जुड़ जाएगा। ऐसे में इस चालू वित्त वर्ष का ब्याज भरना महंगा पड़ेगा।
इसी के चलते नगर परिषद में गृह कर शाखा रविवार को खुली रहेगी ताकी वित्त वर्ष समाप्त होने से पहले लोग अपना बकाया गृह कर भर सके। वहीं वीरवार को दी हिसार केंद्रीय सहकारी समिति बैंक ने अपना 5 लाख रुपये का गृह कर जमा करवाया है। नगर परिषद में चालू वित्त वर्ष में अब तक 1 करोड़ 25 लाख रुपये का गृह कर भरा जा चुका है। फरवरी महीने में अब तक 25 लाख रुपये गृह कर जमा हुआ है। हालांकि नगर परिषद को संपत्ति कर से साढ़े 3 करोड़ रुपये की कमाई होने का अनुमान था। शहर में 41,700 संपत्तियां हैं।
नगर परिषद ने दिए थे नोटिस
एक महीने से नगर परिषद ने बकाया कर जमा करवाने के लिए नोटिस दिए थे। नगर परिषद ने बीते महीने विभिन्न विभागों को 15 भवनों का लंबित संपत्ति कर भरने के लिए बिल भेजे थे। लेकिन इसमें से किसी ने भी कर जमा नहीं करवाया। वहीं 30 हजार रुपये से ज्यादा लंबित कर वाले बैंकों, अस्पतालों और व्यवसायिक भवनों के मालिकों को नोटिस भी दिए थे।
लोगों की सुविधा के लिए गृह कर शाखा खोली गई है। शनिवार को सभी कर्मचारी उपस्थित रहे। जिनका चालू वित्त वर्ष का कर बकाया है वह सोमवार तक जमा करवा दें। नहीं तो एक अप्रैल से बकाया कर पर ब्याज भी साथ में जुड़ जाएगा।- डॉ. सुरेश चौहान, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद