आदमपुर में जनसभा के मंच पर दीपेंद हुड्डा व अन्य। संवाद
हिसार। रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि लोकसभा चुनाव से कई गुणा तेज गति से प्रदेश में कांग्रेस की आंधी चल रही है। चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। 750 किसानों के परिवारों को उजाड़ने वाले भाजपाइयों के जुल्मों को कभी भूल मत जाना। हमारी बहन-बेटियों को दिल्ली की सड़क पर घसीटने वालों को सबक सिखाने का सही समय आ गया है।
सांसद दीपेंद्र ने बुधवार को नलवा और आदमपुर में जनसभाओं में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा वाले तोड़ेंगे और हम जोडेंगे। जोड़ने की शक्ति भगवान की शक्ति होती है। पूरे देश की नजर हरियाणा के चुनाव पर है। भाजपा की सांसद कंगना कह रही है कि तीन काले कानून वापस लाएंगे। हरियाणा में कांग्रेस को इतनी ताकत दो कि भाजपा तीन कानूनों के बारे में कभी सोच भी नहीं पाए।
दीपेंद्र ने कहा कि नशा तस्कर और बदमाश या तो सुधर जाएं या हरियाणा छोड़कर भाग जाएं। 9 अक्तूबर को कांग्रेस की सरकार बनने के बाद उनका इलाज बांध देंगे। लोकसभा चुनाव के सेमीफाइनल में जीत गए हो, अब फाइनल में जीत के लिए पूरी ताकत लगा दो।
युवा विरोधी मानसिकता को दर्शाता है मनोहर का व्यवहार
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने हिसार में अपनी सभा में आए युवक को धक्के मारकर बाहर निकालने का अलोकतांत्रिक निर्देश दिया। प्रजातंत्र में ऐसी हरकतों का कोई स्थान नहीं है। उनका व्यवहार भाजपा की युवा विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। 10 साल की अपनी सरकार में उन्होंने हर वर्ग को अपमानित किया।
निर्दलीय प्रत्याशी रेणु चहल ने कांग्रेस को दिया समर्थन
काबरेल में आयोजित जनसभा में आदमपुर से निर्दलीय उम्मीदवार रेणु चहल ने अपने कार्यकर्ताओं सहित कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन दे दिया। रेणु चहल बालसमंद से आम आदमी पार्टी से जुड़ी हुई थी। टिकट न मिलने पर बतौर निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव में उतरी। बुधवार को सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने रेणु चहल को पटका पहनाकर औपचारिक रूप से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराई। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि एक सप्ताह में पूरे हरियाणा की 90 सीट को छोड़कर यहां दूसरी बार आया हूं, आप इशारा समझो। इस बार बड़े-बड़े किले ढहने वाले हैं। संवाद