नारनौंद। गांव खेड़ी जालब के दो और कापड़ो गांव के एक युवक को हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड में नौकरी लगवाने के नाम पर 6 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में खेड़ी चौपटा पुलिस चौकी इंचार्ज अनिल पर शिकायत नही लेने का आरोप लगाया है। इसके बाद पीड़ित ने शिकायत हांसी पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में दी। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर नारनौंद थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव खेड़ी जालब निवासी राजेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जींद जिले के गांव रागखेड़ा निवासी जयबीर ने उसे, मोहित व सुनील को हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत पक्की नौकरी लगवाने का झांसा दिया। चार मार्च को उन्होंने पांच लाख नकद व एक लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी ने फर्जी ज्वाइनिंग लेटर थमा दिया। सच्चाई का पता चलने पर जब उसके घर गए तो परिजनों ने कहा कि वह उनके संपर्क में नहीं है। आरोप है कि जब खेड़ी जालब पुलिस चौकी में शिकायत देने गए तो इंचार्ज अनिल ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दी तो नारनौंद थाना पुलिस ने नामजद के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।