नारनौंद। खुशी कॉलेज ऑफ नर्सिंग के बाहर कड़ाके की ठंड में चार दिन से आंदोलनरत छात्राएं सोमवार रात भी धरने पर डटीं रहीं। इससे पहले सुबह पुलिस ने छात्राओं को धरने से खदेड़ा तो माहौल गर्मा गया। महिला पुलिसकर्मियों और छात्राओं के बीच बहस होने लगी जो धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। छात्राओं का आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई। इससे तीन छात्राओं को चोटें आईं हैं। पुलिस और छात्राओं के बीच धक्का-मुक्की का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें छात्राएं दौड़तीं नजर आ रही हैं।
पुलिस ने कॉलेज चेयरमैन जगदीश गोस्वामी सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। लेकिन छात्राएं गिरफ्तारी पर अड़ीं हैं और इसके लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। इसके बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर शुक्रवार को एसडीएम और एसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इससे पहले धरना स्थल से हटाने के बाद छात्राएं राजथल, कागसर और सुलचानी में गईं और ग्रामीणों की मदद ली। इसके बाद वे फिर से कॉलेज पहुंचीं और धरना शुरू कर दिया।
प्रशासन ने कहा-तीन मांगे मान ली थी
पुलिस प्रशासन का कहना है कि रविवार देर रात छात्राओं से वार्ता के बाद उनकी तीन मांगों पर सहमति बन गई थी और छात्राओं ने धरना समाप्त कर दिया था। लेकिन सोमवार सुबह जब छात्राओं के परिजन उनसे मिलने आए और पुलिस ने उनसे पूछताछ की तो छात्राओं का गुस्सा भड़क गया। इस दौरान दो छात्राओं के परिजनों को हिरासत में लिया गया। इससे छात्राएं और उग्र हो गईं। उन्होंने कहा कि उनके परिजनों को छोड़ा जाए। इस पर डीएसपी देवेंद्र नैन और एसडीएम विकास यादव धरनास्थल पर आए और छात्राओं से कहा कि हिरासत में लिए गए परिजनों को छोड़ दिया है।
समर्थन में जुटे जनप्रतिनिधि और संगठन
छात्राओं को समर्थन देने विधायक जस्सी पेटवाड़, इनेलो नेता उमेद लोहान, राखी बाराह खाप प्रधान रतन मिलकपुर, सतरोल खाप प्रधान संदीप खर्ब, कांग्रेस जिला अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया, किसान नेता सुरेश कोथ, धर्मपाल बडाला, बलवान लोहान, नारनौंद व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रदीप ढांडा, हरकेश ढांडा और हर्ष पेटवाड़ धरनास्थल पर पहुंचे। किसान नेता सुरेश कोथ ने कहा कि तीन दिन के भीतर चेयरमैन गिरफ्तार नहीं हुए तो एसडीएम और एसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
कॉलेज चेयरमैन, बेटे व पत्नी पर प्राथमिकी दर्ज, कॉलेज में प्रशासक नियुक्त
छात्राओं की शिकायत पर नारनौंद थाना पुलिस ने कॉलेज संचालक जगदीश गोस्वामी, उसके बेटे और पत्नी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उपायुक्त महेंद्रपाल के आदेश पर नारनौंद एसडीएम विकास यादव को कॉलेज के प्रशासनिक निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय की ओर से नामित प्रोफेसर एवं कार्यवाहक प्रधानाचार्य को भी कॉलेज में नियुक्त किया गया है। यह व्यवस्था जांच अवधि के दौरान लागू रहेगी ताकि कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियां सुचारू रूप से चलती रहें।
छात्राओं को गलतफहमी हो गई थी कि उनके परिजनों को गिरफ्तार कर लिया है। माइग्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चेयरमैन, उसके बेटे ओर पत्नी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। छात्राओं को जांच में शामिल कर बयान दर्ज किए जाएंगे। - देवेंद्र नैन, डीएसपी
-
धरने पर बैठीं छात्राओं की तीनों मांगों को रविवार रात ही पूरा करा दिया था। चेयरमैन समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। नारनौंद एसडीएम विकास यादव को कॉलेज में प्रशासक नियुक्त कर दिया है। - महेंद्रपाल, उपायुक्त, हिसार