हिसार में ट्रेन के नीचे आने से तीन की मौत।
- फोटो : अमर उजाला
हिसार के सूर्य नगर रेलवे फाटक के पास शनिवार देर रात हिसार से जयपुर जाने वाली रेलगाड़ी के सामने महिला ने अपने बेटे और बेटी के साथ कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की शिनाख्त राजिंद्रा एनक्लेव निवासी 41 वर्षीय पत्नी ममता, 13 वर्षीय अनुष्का और 15 वर्षीय हार्दिक के रूप में हुई।
मृतका ममता के पति सोमवीर सेना से पशु चिकित्सक के पद से सेवानिवृत्त है और अब पशु विभाग में पशु चिकित्सक के पद पर कार्यरत है। आत्महत्या करने का कारण ये सामने आया कि हार्दिक ने अपने पिता सोमवीर से महंगा लैपटॉप मंगवाया था लेकिन वे सस्ता लैपटॉप ले आए।
इसी बात को लेकर पति और पत्नी के बीच नोक-झोक हो गई और बाद में ये कदम उठा लिया। सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद 35 मिनट तक रेलगाड़ी रुकी रही।
नौ बजे खाना खाने के बाद घर से निकले थे तीनों
राजकीय रेलवे पुलिस के एसआई राधेश्याम ने बताया कि पुलिस को दिए बयान में सोमवीर ने बताया कि उसका बेटा हार्दिक आर्मी पब्लिक स्कूल में दसवीं और बेटी अनुष्का आठवीं कक्षा में पढ़ते थे। बेटे हिमांशु ने 70 हजार रुपये की कीमत का लैपटॉप मंगवाया था।
मैं बाजार से 30 हजार रुपये का नया लैपटॉप खरीद कर घर ले गया। जब पत्नी और बच्चों ने लैपटॉप देखा तो कहा कि जो लैपटॉप मंगवाया था ये वो नहीं है। इसी बात लेकर पत्नी के साथ नोक-झोक हो गई। रात करीब 9 बजे पत्नी ममता ने कहा कि वह बच्चों को लेकर भाई के घर जा रही है।
उसके बाद वह चली गई। मैं खाना खाने के बाद सो गया। सुबह घटना के बारे में पता चला कि पत्नी, बेटे और बेटी की ट्रेन के सामने कूदने से मौत हो गई। इस बारे में परिजनों को बताया और नागरिक अस्पताल पहुंचे। एसआई राधेश्याम का कहना है कि मृतकों के परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
दोनों बच्चे थे खिलाड़ी
जानकारी अनुसार 13 साल की अनुष्का एथलेटिक की खिलाड़ी थी। शॉटपुट में जिला स्तर पर दो बार गोल्ड मेडल जीत चुकी है अब वह जूनियर नेशनल चैंपियनशिप की तैैयारी कर रही थी। वहीं हार्दिक भी एथलेटिक की तैयारी कर रहा था।