जिले में लगातार चौथे दिन कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। सोमवार को शहर के सत्य नगर निवासी एक युवक और उकलाना में दो भाई-बहन संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 20 से बढ़कर 23 हो गई है। ये तीनों मरीज भी हॉटस्पॉट एरिया दिल्ली व मुंबई से लौटे हैं।
सत्य नगर निवासी संक्रमित युवक फल बेचता है। 21 मई को संक्रमित युवक दिल्ली से अपने घर लौटा है। यहां आने की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा संक्रमित युवक का कोविड-19 टेस्ट के लिए सैंपल लिया गया था। सोमवार शाम को जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद विभाग द्वारा संक्रमित युवक को एंबुलेंस से कोविड-19 घोषित अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया है। अब विभाग द्वारा संक्रमित युवक के संपर्क में आए सभी लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके बाद उन सभी के सैंपल लिए जाएंगे। संक्रमित युवक अविवाहित है। उसके परिवार में माता-पिता, भाई-भाभी व उनके बच्चे शामिल हैं। फिलहाल संक्रमित युवक सत्य नगर में अपने माता-पिता और दो भाइयों के साथ रह रहा है। विभाग के अनुसार संक्रमित युवक की दोनों भाभी और उनके बच्चे शहर में अलग जगह रहते हैं, जिससे वे सभी उसके संपर्क में नहीं आए हैं। मगर विभाग द्वारा एहतियात के तौर पर उन सभी के सैंपल लिए जाएंगे।
मुंबई से अपने नानके आए हैं भाई-बहन
विभाग के अनुसार संक्रमित मिले भाई-बहन अपने मां व दो भाई-बहनों के साथ मुंबई से उकलाना में रेलवे फाटक के नजदीक स्थित एक कॉलोनी में अपने नानके आए हैं। मुंबई से ये लोग सीधे 23 मई को फतेहाबाद के टोहाना पहुंचे थे, जहां परिवार के पांच सदस्यों में से मां सहित दो बच्चों के सैंपल लिए गए थे। मां की रिपोर्ट निगेटिव आई है। बच्चों के पिता का चार साल पहले निधन हो चुका है। बच्चे अपनी मां के साथ करीब 10-12 साल से मुंबई में रह रहे हैं। संक्रमित मिली लड़की 12वीं और लड़का दसवीं कक्षा में मुंबई के एक स्कूल में पढ़ रहा है।
185 सैंपल की रिपोर्ट आई निगेटिव
जिला नागरिक अस्पताल प्रशासन की तरफ से सोमवार सुबह जिला स्थित केंद्र अश्व अनुसंधान केंद्र की लैब में भेजे गए 185 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब अस्पताल प्रशासन द्वारा सोमवार को 200 से अधिक सैंपल लिए गए।
नारनौंद अस्पताल से मुंबई-दिल्ली से लौटे लोगों सहित 21 के लिए सैंपल
जिला अस्पताल की तरफ से दंत चिकित्सक डॉ. पुलकित बिमल, डॉ. दिनेश और लैब टेक्नीशियन राकेश कुमार के नेतृत्व में उनकी टीम ने सोमवार को नारनौंद अस्पताल से कोरोना संदिग्ध 21 लोगों के सैंपल लिए। इनमें से 12 लोग मुंबई, दिल्ली और मध्यप्रदेश से लौटे हैं। अन्य नौ लोगों के रैंडम सैंपल लिए गए हैं। इनमें सब्जी विक्रेता और मंडी में काम करने वाले गाड़ी चालक शामिल हैं। इधर, खरबला गांव के संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने के बाद उनके परिजनों को विभाग द्वारा फैसिलिटी तौर पर क्वारंटीन कर दिया गया है।
लगातार 15वें दिन आंकड़ा रहा 500 पार
ट्राइएज में लगातार 15वें दिन सोमवार को खांसी, जुकाम, बुखार एवं गले में खराश संबंधित जांच कराने आए लोगों की संख्या का आंकड़ा 500 पार रहा। इनमें से ज्यादातर लोग बाहरी जिले व राज्य मुंबई, सूरत, दिल्ली, गुजरात, अहमदाबाद, बंगलूरू, राजस्थान, पंजाब, लुधियाना, हैदराबाद, गुरुग्राम और महाराष्ट्र आदि से आए हुए थे। जांच के दौरान उनमें से 110 से अधिक लोगों में कोरोना संदिग्ध लक्षण मिले तो चिकित्सकों द्वारा इन सभी लोगों के सैंपल लिए गए।
खरबला कंटेनमेंट जोन घोषित, गांव के कुछ हिस्से को किया सील
गांव खरबला में रविवार शाम को 37 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। सोमवार को विभाग की तीन टीमों ने गांव के 125 घरों में डोर टू डोर सर्वे किया। इस दौरान 25 लोगों को पहचान की गई है, जिनकी लिस्ट तैयार कर हिसार भेज दी गई है। इनमें से 24 लोग कोरोना संक्रमित युवक के आसपास व उसके संपर्क में आए हैं। एक व्यक्ति हिसार के किसी निजी अस्पताल में ऑपरेशन करवाकर लौटा था, उसे भी शामिल किया गया है। वहीं पुलिस ने गांव में पांच जगहों पर नाके लगा दिए गए हैं। बफर जोन में सीसर व रोशन खेड़ा गांव को शामिल किया है। उधर, हांसी के डीएसपी राजबीर सिंह ने गांव खरबला का दौरा कर गांव में लगाए गए नाकों की जांच की। बता दें कि रविवार को कोरोना पॉजिटिव मिला युवक दिल्ली के नजफगढ़ एरिया में रहता है और दिल्ली में में एक निजी स्कूल में वैन चलाता है। 21 मई को वह दिल्ली से गांव आया था।
वर्जन
सोमवार को तीन नए कोरोना पॉजिटिव केस आए हैं, उनमें से दो संक्रमितों की जांच फतेहाबाद जिले में हुई है और जांच के बाद उकलाना में अपने रिश्तेदार के पास आए थे और वे मुंबई के रहने वाले हैं। एक संक्रमित युवक शहर के सत्य नगर का निवासी है, जो कोरोना पॉजिटिव मरीज फिलहाल जहां पर दाखिल होता है, वह उसी जिले में गिना जाएगा। 191 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है।
- डॉ. योगेश शर्मा, सिविल सर्जन, हिसार