26 - वारदात स्थल से सुराग जुटाते फोरेंसिक टीम के सदस्य व पुलिस।
- फोटो : Hisar
देवीगढ़ पूनिया गांव में आईटीआई के दो छात्रों ने गर्लफ्रेंड को तंग करने पर रविवार देर रात पड़ोसी दोस्त दीपक (21) पर गंडासियों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद हमलावरों के परिजन स्वयं ही आरोपी मोहित व रामनिवास को लेकर थाने पहुंचे और उन्हें पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक दीपक के चाचा अशोक के बयान पर मोहित व रामनिवास के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने देर रात दीपक को गांव के बाहर बुलाकर वारदात को अंजाम दिया। दोनों आरोपियों ने पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में बताया है कि दीपक रामनिवास की गर्लफ्रेंड को तंग करता था और मोहित की मां-बहन के बारे में गलत कमेंट करता था। इसकी रंजिश में उसने वारदात को अंजाम दिया। हत्यारोपी मोहित (19) व रामनिवास (24) आईटीआई के छात्र हैं। वारदात के बाद देर रात ही दोनों आरोपियों को लेकर उनके परिजन ही थाने पहुंचे। इसके बाद सोमवार सुबह डीएसपी संजय बिश्नोई और थाना प्रभारी कुलदीप सिंह आरोपियों को साथ लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस की फोरेंसिक टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मोहित व रामनिवास के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 और 34 के तहत के मुकदमा दर्ज लिया है। पुलिस के मुताबिक मंगलवार को दोनों को अदालत में पेश किया जाएगा।
मृतक के चाचा ये दिया बयान
पुलिस को दिए बयान में देवीगढ़ पूनिया गांव निवासी अशोक ने कहा कि वे दो भाई हैं। बड़ा सतबीर सिंह हैं, जिसके तीन बेटे हैं, बड़ा दीपक है। दीपक गांव में ही पिता के साथ परचून की दुकान पर बैठता था। रविवार रात करीब 11 बजे दीपक दुकान बंद करके घर आ गया था। दीपक के भाई आशीष के फोन पर मोहित उर्फ छोटी का फोन आया और उसने दीपक से बात करके उसे गांव के नजदीक बाहर की तरफ बने बिटोड़ों के पास बुला लिया। अशोक के अनुसार दीपक काफी देर तक नहीं लौटा तो उसे ढूंढने के लिए गए। उसी दौरान देखा कि गांव के बाहर बिटोड़ों के पास मोहित उर्फ छोटी व रामनिवास दोनों दीपक पर गंडासी से वार कर रहे थे। दीपक के परिजनों को देखकर आरोपी फरार हो गए। दीपक को बरवाला के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां से उसे हिसार रेफर कर दिया गया, हालांकि उपचार के दौरान दीपक ने दम तोड़ दिया।
वर्जन
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिए हैं। दोनों को मंगलवार सुबह अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी।
- कुलदीप सिंह, थाना प्रभारी, बरवाला
25 - मृतक दीपक की फाइल फोटो।- फोटो : Hisar