हिसार। सर्दी बढ़ने के साथ ही स्वाइन फ्लू के मरीजों का आंकड़ा 18 पर पहुंच गया है। वीरवार को 16 मरीजाें की सैंपल जांच के लिए भेज गए थे, जिनमें से तीन की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। शुक्रवार को मिले तीनों मरीजों का शहर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लोगों को जागरूक रहने की अपील की जा रही है।
चिकित्सक ने बताया कि स्वाइन फ्लू होने पर मरीज को ठीक होने में 7 से 10 दिन का समय लग जाता है। स्वाइन फ्लू होने पर मरीज को तेज बुखार चढ़ता है। पूरे शरीर में दर्द होता है। समय पर चिकित्सक की सलाह लेने पर बीमारी को नियंत्रण में कर सकते हैं। स्वाइन फ्लू के सैंपल मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में भेजे जाते हैं और 24 घंटे के अंदर सैंपल की रिपोर्ट आ जाती है।
डॉ. सुभाष ने बताया कि शुक्रवार को आजाद नगर और फ्रेंड्स कॉलोनी के दो और एक मरीज दूसरे जिले का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि जो मरीज सामने आए हैं उनकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। बुखार, खांसी, जुकाम होने पर सैंपल लिए गए थे और उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्वाइन फ्लू से ग्रस्त मरीजों के परिजनों को टैमीफ्लू दवा दी जा रही है।
मरीजों के लिए अलग से वार्ड की व्यवस्था
जिला मलेरिया अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉक्टर सुभाष खतरेजा ने बताया कि स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। नागरिक अस्पताल परिसर में स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए अलग से वार्ड से बनाया गया है। उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू तेजी से फैलने वाला वायरस है। यह एक संक्रमित बीमारी है। शुरुआत में इसका पता नहीं चलता, क्योंकि इसमें खांसी, जुकाम, बुखार होता है। अगर ये लक्षण लगातार रहे तो तुरंत चिकित्सक से सलाह लें।