हिसार। बाडो पट्टी टोल प्लाजा हत्याकांड में सीआईए ने शुक्रवार को ईशारपुर (दिल्ली) निवासी धीरज, हिमांशु पुत्र जितेंद्र और हिमांशु पुत्र दलीप को गिरफ्तार किया है। इससे पहले एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर वारदात की साजिश, हथियारों, प्रयुक्त वाहनों और अन्य आरोपियों की भूमिका की गहन जांच करेगी।
सीआईए हिसार के प्रभारी कर्ण सिंह ने बताया कि 23 जून काे बाडो पट्टी टोल प्लाजा के शिफ्ट इंचार्ज प्रयागराज निवासी संजय शुक्ला की गाड़ी से कुचलकर हत्या की गई थी। प्लाजा पर कार्यरत ठाणे (महाराष्ट्र) के कल्याणपुर निवासी रमेश मौर्य की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
जांच के दौरान सबसे पहले सेक्टर-16, हिसार निवासी साहिल को गिरफ्तार किया गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि साहिल वारदात के समय घटनास्थल पर मौजूद था। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी साहिल ने किराये पर ली थी।