हिसार। पुलिस की स्पेशल टीम ने भानू चौक के पास कार सवार तीन युवकों से 510 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पकड़ी गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये है। आरोपी लाहौरिया चौक निवासी मृगांक, शिव नगर निवासी सोनू और उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ के गांव मढि़याई निवासी इरशाद को मंगलवार अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस की स्पेशल टीम के एएसआई धर्मबीर ने बताया कि टीम के साथ मय्यड़ गांव की तरफ गश्त पर थे। सूचना मिली कि दिल्ली से नीले रंग की कार में मादक पदार्थ लाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने भानू चौक पर नाकाबंदी कर नीले रंग की कार को रोकने का इशारा किया तो चालक गाड़ी मोड़ने लगा। इसके बाद शक के आधार पर कार को रुकवाकर तलाशी ली तो 510 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के मोबाइल फोन और 700 रुपये जब्त कर लिए। तीनों के खिलाफ सदर थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी दिल्ली में किसी नाइजीरियन नागरिक से 5 लाख रुपये में नशीला पदार्थ लेकर आ रहे थे। आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर शहर में नशा सप्लाई करना था।