हिसार। राजगुरु मार्केट स्थित राम चाट भंडार (आरसीबी) के मालिक से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के तीन आरोपियों को सीआईए टीम ने 24 घंटे के अंदर पकड़ लिया। टीम ने आरोपी सेक्टर 9-11 निवासी नसीब, कैमरी मार्ग निवासी तरुण और टोहाना के जोगिंदर उर्फ जस्सी को राजस्थान के गोगामेड़ी से गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लग्जरी लाइफ जीने के लिए उन्होंने 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। अगर, रुपये मिल जाते तो सभी वादियों में घूमने जाते और महंगे कपड़े खरीदते।
हिंदवान गांव का अनिल है मुख्य साजिशकर्ता
मामले की जांच कर रहे सहायक उन निरीक्षक मांगे राम ने बताया कि राम चाट भंडार के मालिक कुलदीप से रंगदारी मांगने के मामले का मुख्य साजिशकर्ता हिंदवान गांव का अनिल है। अनिल पर लूटपाट, मारपीट और छीना-झपटी के कई मामले दर्ज हैं। अनिल ने नसीब, तरुण, जोगिंदर और कैमरी मार्ग निवासी संदीप उर्फ दीपा के साथ मिलकर 16 मई को राजस्थान के गांव जनाना में बैठक साजिश रची थी। इसके बाद अनिल के कहने पर उक्त चारों आरोपी हिसार पहुंचे और शाम को राम चाट भंडार के बाहर रेकी की। इसके बाद अगले दिन जोगिंदर, नसीब और तरुण बाइक पर आरसीबी के बाहर पहुंचे। जोगिंदर पर्ची लेकर दुकान के अंदर गया। पर्ची देने के बाद नसीब ने पिस्तौल दिखाई और 10 करोड़ रुपये की मांग की। इसके बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर गोगामेड़ी फरार हो गए थे। वारदात की सूचना के बाद सीआईए टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पीछा करते हुए तीनों आरोपियों को गोगामेड़ी से गिरफ्तार कर दिया।
बयान -
व्यापारी बेखौफ होकर काम करें। असामाजिक तत्वों पर सख्ती से अंकुश लगाना पुलिस का काम है। तीन आरोपियों को पकड़ लिया है, शुक्रवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।
- श्रीकांत जाधव, एडीजीपी, हिसार