हिसार। आजाद नगर क्षेत्र के विराट नगर में रहने वाली महिला को पहले से दर्ज केस के आरोपियों ने फिर से जबरन मकान खाली करने व जान से मारने की धमकी दी है। पीड़िता ने सुरक्षा की मांग और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर एक बार फिर आजाद नगर थाना में शिकायत दी है। वहीं पीड़िता का कहना है कि अगर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह एसपी ऑफिस के सामने डेरा डालने पर मजबूरी होगी।
पीड़ित महिला ने बताया कि उसके पति ने गंगवा गांव निवासी एक फाइनेंसर से रुपये उधार लिए थे और बदले में कुछ शर्तों सहित मकान का एक एग्रीमेंट तैयार कर मकान उसके पास गिरवी रखा था। इस एग्रीमेंट में उधार के पैसे चुकाने पर मकान वापस करने की शर्ते थी। आरोप हैं कि फाइनेंसर ने तय शर्तों का उल्लंघन किया और कई बार पीड़ित महिला को अकेला देखकर जबरन घर में घुस कर अश्लील हरकत करने की कोशिश की। विरोध करने पर मारपीट की। इस संबंध में पीड़ित महिला की शिकायत पर 14 मई को आजाद नगर थाना ने केस दर्ज किया था, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। अब फाइनेंसर द्वारा मकान खाली करने की धमकी दी जा रही है। अगर, मुझे मजबूरी में मकान खाली करना पड़ा तो मैं बच्चों सहित एसपी ऑफिस के बाहर डेरा डालूंगी।