हिसार। अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिंह ने वीरवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वनवासी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर धर्मांतरण किया जा रहा है और धर्मांतरण करने वालों को एसटी आरक्षण का लाभ नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने डीलिस्टिंग की मांग की जिससे धर्मांतरित वनवासी अपनी मूल परंपराओं को छोड़कर दोहरा लाभ न उठा सकें।
सतेंद्र सिंह ने बताया कि डीलिस्टिंग की मांग को लेकर 24 मई को जनजातीय सुरक्षा मंच के तत्वावधान में दिल्ली के लाल किला मैदान में आंदोलन होगा। इस आंदोलन में देशभर से वनवासी क्षेत्र के लोग शामिल होंगे। इसमें हरियाणा, पंजाब और दिल्ली की विशेष भूमिका होगी।
संगठन के संरक्षक सौम्या जुलू ने कहा कि वनवासी कल्याण आश्रम शिक्षा, छात्रावास, स्वास्थ्य सेवाओं और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए काम कर रहा है। इसके अलावा, रामबाबू सिंगल और जयभगवान ने बताया कि आश्रम समाज की मुख्यधारा से वनवासी समुदायों को जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
संगठन ने 64 हजार से अधिक गांवों तक अपनी पहुंच बनाई है और इसका उद्देश्य 12 करोड़ से अधिक वनवासियों तक पहुंचना है। इस दौरान जिला सचिव अजय सैनी, कोषाध्यक्ष पर्व गुप्ता और अन्य भी मौजूद रहे।