विशेष स्वच्छता अधिकारी हरबीर सिंह ने वीरवार को शहर के विभिन्न स्टॉर्म वॉटर नालों और रोड जीटी की
हिसार। शहर में जलभराव की समस्या से निपटने और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने नालों की सफाई तेज करने के आदेश दिए हैं। विशेष स्वच्छता अधिकारी हरबीर सिंह ने वीरवार को शहर के विभिन्न स्टॉर्म वॉटर नालों और सड़कों की जीटी (ग्रेटिंग) की जांच करते हुए कर्मचारियों को नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगर निगम की ओर से शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। निगमायुक्त नीरज के आदेशानुसार अधिकारी समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके। इसी कड़ी में विशेष स्वच्छता अधिकारी ने नालों की सफाई कराने के निर्देश दिए, ताकि सड़कों पर जलभराव की समस्या न उत्पन्न हो।
निरीक्षण के दौरान हरबीर सिंह ने नालों की सफाई, कचरा प्रबंधन व्यवस्था और सड़कों के आसपास की स्वच्छता की स्थिति का जायजा लिया। कई स्थानों पर नालों में कचरा जमा मिला, जिस पर संबंधित कर्मचारियों को तुरंत सफाई कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि नालों की नियमित सफाई की जाए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न बने और शहर की स्वच्छता व्यवस्था बनी रहे। निरीक्षण के दौरान तकनीकी एक्सपर्ट जसबीर कुंडू, आईईसी एक्सपर्ट हरिराम गुर्जर, एएसआई सन्नी और एएसआई सरोज भी मौजूद रहे।