गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) के मुद्रण प्रौद्योगिकी विभाग और फ्यूचर स्कूल्ज, कोच्चि (केरल) के बीच शनिवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इससे जीजेयू को वैश्विक स्तर की तकनीकी दक्षता हासिल करने में मदद मिलेगी। जीजेयू की ओर से कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई और फ्यूचर स्कूल्ज की ओर से मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) प्रदीप कुलक्कडा ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि यह समझौता विद्यार्थियों को उद्योग से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव और अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण प्राप्त होगा। एमओयू के तहत जीजेयू के विद्यार्थी और शिक्षक नवीनतम तकनीकी प्रशिक्षण लेकर अपनी व्यावसायिक दक्षता को बढ़ा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि फ्यूचर स्कूल्ज के सहयोग से विश्वविद्यालय के विद्यार्थी देश की अग्रणी प्रिंटिंग कंपनियों की आधुनिक सुविधाओं का लाभ उठा पाएंगे। दोनों संस्थान मिलकर कौशल आधारित प्रशिक्षण, प्लेसमेंट, शिक्षा और शोध गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने कहा कि यह एमओयू दोनों संस्थानों के लिए अत्यंत लाभकारी रहेगा। वहीं, सीईओ प्रदीप कुलक्कडा ने बताया कि फ्यूचर स्कूल्ज भारत में एफओजीआरए इंटरनेशनल का आधिकारिक साझेदार है और मुद्रण उद्योग से जुड़े अंतरराष्ट्रीय मानकों के प्रमाणन कार्यक्रम संचालित करता है।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय मामलों के अधिष्ठाता प्रो. ओम प्रकाश सांगवान और विभागाध्यक्ष डॉ. वंदना , प्रो. विनोद छोकर और प्रो. नमिता सिंह उपस्थित रहे।