नारनौंद। हरियाणा दिवस पर शनिवार को राखी खास के बाराह खाप के ऐतिहासिक चबूतरे पर सर्वजातीय भाईचारा बैठक हुई। इसमें ग्रामीणों समेत विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर जातीय भेदभाव मिटाने और सामाजिक सौहार्द बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस दौरान आपसी विवादों को पंचायतों के माध्यम से सुलझाने की पहल का समर्थन करते हुए समाज हित के हर कार्य में सभी वर्गों की समान भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। मंच के प्रतिनिधियों ने गांवों में सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए चंद्रप्रकाश ने कहा कि समाज तभी मजबूत होगा जब ऊंच-नीच, जात-पात और वर्गभेद जैसी कुरीतियों को खत्म किया जाएगा। इसी उद्देश्य से सर्वसमाज एकता मंच नामक सामाजिक संगठन का गठन किया गया। मंच की कार्यकारिणी में विभिन्न गांवों और वर्गों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया ताकि सभी समाजों की आवाज एक समान रूप से उठ सके।
संदीप भारती ने कहा कि मंच किसी खाप या अन्य संगठन का विरोधी नहीं है, बल्कि समाज में एकता और भाईचारा बढ़ाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करेगा।
यह संगठन सरकार और प्रशासन के बीच संवाद की कड़ी के रूप में कार्य करेगा, ताकि गांवों की साझी समस्याओं का समाधान शांतिपूर्ण ढंग से किया जा सके।
इनकों शामिल किया गया मंच में
नवगठित मंच की कार्यकारिणी में संयोजक मास्टर चंद्रप्रकाश, मुख्य संयोजक जयबीर ढांडा, प्रधान संदीप भारती, वरिष्ठ उपप्रधान कृष्ण शर्मा, उपप्रधान काला गामड़ा, रमेश पूर्व सरपंच, अशोक प्रजापत, सचिव चेतन, सह सचिव राजबीर होलदार, प्रवक्ता पवन राखी खास और कोषाध्यक्ष दिलबाग को जिम्मेदारी सौंपी गई।