दड़ौली के युवक की लगातार तीसरी रिपोर्ट बुधवार देर शाम कोरोना पॉजिटिव आई है। फिलहाल संक्रमित युवक का अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। विभाग द्वारा संक्रमित युवक का यह तीसरा सैंपल एक सप्ताह के अंतराल में बुधवार सुबह जांच के लिए भेजा गया था।
वहीं विभाग का यह भी कहना है कि संक्रमित युवक की सेहत में काफी सुधार है, लेकिन संक्रमित युवक की लगातार तीसरी पॉजिटिव रिपोर्ट ने विभाग को भी हैरान कर दिया है। इस बारे में विभाग अधिकारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से काफी देर तक मीटिंग के दौरान बातचीत हुई।
बता दें कि उक्त संक्रमित युवक की पहली रिपोर्ट 25 अप्रैल को पॉजिटिव आई थी। उसके बाद विभाग ने उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया था। दूसरा सैंपल 29 अप्रैल की शाम को जांच के लिए भेजा गया था, जिसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी।
पहले दिन 26 सैंपल की हुई जांच
जिले के कोविड-19 घोषित अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में बुधवार को कोविड-19 के तहत 26 सैंपल की जांच की गई। इन सभी सैंपल की रिपोर्ट करीब 1 से 2 घंटे के अंतराल में आई है।
एक और कोरोना पॉजिटिव मरीज हुआ दाखिल
अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में बुधवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मरीज दाखिल हुआ है। संक्रमित मरीज फतेहाबाद जिले के भट्टू मंडी की एक महिला है। अब कॉलेज में पॉजिटिव मरीजों की बढ़कर छह हो गई है। इनमें से एक संक्रमित युवक जिले के दड़ौली गांव का निवासी है और अन्य पांच पॉजिटिव मरीज फतेहाबाद जिले के निवासी हैं।
तीन संदिग्ध मरीज दाखिल
जिला नागरिक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में बुधवार को एक महिला व बच्ची तीन संदिग्ध मरीज दाखिल किए गए। इनमें से एक युवक बहादुरगढ़ से आया है। चिकित्सकों द्वारा इन सभी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए गए हैं।
120 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव, 33 की आनी बाकी
जिला नागरिक अस्पताल प्रशासन ने बुधवार सुबह एनआरसीई लैब में 153 सैंपल भेजे थे, इनमें से 120 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इनमें से एक सैंपल को अमान्य कर दिया गया है। टीम द्वारा बुधवार को लिए गए पटेल नगर से सभी सैंपल की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। मलेरिया विभाग के जीव वैज्ञानिक डॉ रमेश पूनिया के निर्देशन में उनकी टीम ने पटेल नगर से एक चालक सहित चार लोगों के सैंपल लिए थे। इनमें से गाड़ी चालक युवक गुरुग्राम से घर लौटा था।