हिसार। साइबर थाना पुलिस ने शहर की रहने वाली एक महिला से पार्ट टाइम नौकरी का झांसा देकर 6.66 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूलत: जयपुर और हाल सिरसा निवासी हिमांशु को अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
जांच अधिकारी गोविंद ने बताया कि हिमांशु ठगी की राशि को ट्रांसफर करवाने के लिए लोगों से कमीशन पर बैंक अकाउंट लेकर आगे उपलब्ध करवाता था। इस बारे में एक नवंबर को एक महिला ने पार्ट टाइम नौकरी के नाम पर ठगी की शिकायत दी। उसने बताया था कि 27 अक्तूबर को अज्ञात महिला ने पार्ट टाइम नौकरी के जरिए 3-4 हजार रुपये प्रतिदिन कमाने का फोन पर ऑफर दिया। कॉल करने वाली महिला ने फोन पर एक लिंक भेजा उसे खोला तो टेलीग्राम पर एक ग्रुप में जुड़ गई। उसके बाद अलग-अलग टास्क पूरा करने के लिए कहा गया और 6.66 लाख रुपये अपने खातों में जमा करवा लिए। धोखाधड़ी का पता चलने पर पुलिस को अवगत करवाया। पुलिस इस मामले में पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।