जिले में चोरी की वारदात रोक पाने में पुलिस प्रशासन पूरी तरह नाकाम रहा है।
चोरों ने रविवार रात को गांव पनिहार चक और आदमपुर में मकान खंगाले वहीं, सोमवार को दिनदिहाड़े कैंट क्षेत्र में लाखों रुपये के गहने, नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया।
मामले की शिकायत सदर थाना और आदमपुर पुलिस को दी गई है। एक मामले में तो चोरों ने घर में परिवार के सदस्य होने के बावजूद चोरी कर ली।
जानकारी के मुताबिक, कैंट एरिया में हुई वारदात में चोरों ने दिनदिहाड़े वारदात को अंजाम दे दिया। आदमपुर क्षेत्र में चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की।
पूरा परिवार अपने परिवार में ही लड़की की शादी में शरीक होने के लिए गए हुए थे। शिकायत मिलते ही पुलिस और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से जरूरी सबूत जुटाए हैं।
वारदात नंबर 1
पहली वारदात पनिहार चक गांव में हुई। कृष्ण कुमार का परिवार रविवार की रात घर में सोया हुआ था। देर रात को चोर घुसे चोरों ने अलमारियां तोड़कर हजारों रुपये कीमत के सोने के गहने व 37 हजार रुपये की नकदी निकाल ली।
मामले के बारे में परिवार के लोगों को तब पता चला जब वे सुबह उठे। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी।
वारदात नंबर 2
दूसरी वारदात कैंट एरिया में हुई। महिला सुमन ने मामले की शिकायत दी है। चोरी दिनदिहाड़े हुई। महिला ने बताया कि वह दरवाजा खुला छोड़कर पड़ोस में चली गई।
पीछे से कोई चोर घर में घुस आया। महिला ने शिकायत में बताया है कि चोरों ने एक जोड़ी सोने के झुमके, एक सोने की अंगूठी, लैपटॉप तथा नकदी चोरी कर ली।
वारदात नंबर 3
तीसरी वारदात जिले के आदमपुर क्षेत्र में हुई। आदमपुर के जवाहर नगर निवासी विक्रम ने बताया कि वह परिवार सहित अपनी चचेरी बहन की शादी में बाहर गया हुआ था।
पीछे से चोर घर में घुसे और करीब 4 लाख रुपये कीमत का 13 तोले सोना, 90 हजार रुपये कैश और एक मोटरसाइकिल चोरी कर ली।