हिसार। कारोबारी रतन जिंदल के घर चोर घुस गया। रतन जिंदल के मुताबिक चोर करीब 23 हजार रुपये का सामान चोरी करके ले गए। रतन जिंदल की शिकायत पर अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
रतन जिंदल ने शिकायत में बताया कि उनका मकान नंबर 8, जिंदल अस्पताल रोड पर स्थित है। वे 65 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक हैं और इस समय बंगलूरू में रहते हैं। पिछले एक वर्ष से वे हिसार नहीं आए थे। इसी दौरान चोर घर के पीछे से घुस आए।
उन्होंने बताया कि सिरसा की पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल का परिवार उनके घर के पीछे रहता है। उनके कर्मचारियों ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को एक बोरा लेकर जाते देखा और इस संबंध में जूस स्टॉल के कर्मचारियों को जानकारी दी, जो घर के सामने बैठते हैं। जब कर्मचारियों ने घर का ताला खोलकर जांच की तो पाया कि पीछे के दो कमरों के टॉवर बोल्ट टूटे हुए थे। इसके अलावा 5 हजार रुपये की कीमत के पीतल के नल, 6 हजार रुपये की कीमत के पीतल के बर्तन, 4 हजार रुपये की कीमत की तांबे का तार और 8 हजार रुपये कीमत की 1 बाथरूम फिटिंग चोरी हुई है। जांच अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
ईमेल से भेजी शिकायत पर नहीं हुई कार्रवाई, हिसार आना पड़ा
शिकायत में रतन जिंदल ने बताया कि चोरी की शिकायत ईमेल से पुलिस के आला अधिकारियों को मेल की थी लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब शिकायत देने के लिए बंगलूरू से हिसार आया हूं। आप तुरंत एफआईआर दर्ज करके कार्रवाई करें।