फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: टोल वसूल रहे हैं, फिर भी हाईवे बदहाल क्यों, जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह नाकाम हैं आप, डीसी ने एनएचएआई के अफसरों को लगाई फटकार

विज्ञापन
अ​धिकारियों के साथ सड़कों की हालत पर बैठक करते डीसी अनीश यादव। 
विज्ञापन
हिसार। हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे नंबर 9 पर कैंट से रामायण टोल के बीच खस्ताहाल रोड राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी है। गड्ढे होने के कारण हादसों की आशंका बनी रहती है। जिला सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित स्कूल वाहन समिति की बैठक में मंगलवार को उपायुक्त अनीश यादव ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को फटकारा। डीसी ने कहा कि टोल वसूलने के बावजूद हाइवे बदहाल क्यों हैं, आप लोग अपनी जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह से नाकाम हैं।
विज्ञापन

लघु सचिवालय परिसर में आयोजित बैठक में रोड सेफ्टी ऑडिट के तहत गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान उपायुक्त ने एनएचएआई के अधिकारियों को कहा कि लोगों की सुविधा के लिए काम करें। संबंधित एजेंसी को नोटिस जारी कर हाइवे के इस हिस्से को जल्द ठीक कराएं। उन्होंने कहा कि किसी भी सड़क पर बने गड्ढे के कारण हादसे में किसी की जान गई तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। विभागों की लापरवाही पाए जाने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आपके अधीन क्षेत्र के सभी हाइवे को ठीक रखना आपकी जिम्मेदारी है।
टूटी सड़कों को हर हाल में चलने लायक बनाएं
डीसी ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के कारण शहर की सड़कों पर गड्ढे बन गए हैं। अभी तारकोल का काम नहीं कराया जा सकता तो वैकल्पिक व्यवस्था रखें। रोड को हर हाल में चलने लायक बनाया जाए। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम प्राथमिकता होनी चाहिए। गड्ढों के अलावा अन्य कारणों से दुर्घटना होती भी है तो घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पंहुचाकर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जानी चाहिए ताकि इलाज के अभाव में किसी की जान न जाए। उन्होंने सड़कों की मरम्मत, स्पीड ब्रेकर, संकेतक बोर्ड और रोड मार्किंग को दुरुस्त करने के लिए सभी एजेंसियों को गंभीरता से कार्य के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की जान बचाने के लिए अस्पताल पहुंचते ही त्वरित उपचार करना सुनिश्चित करें। बैठक में एनएचएआई के साइट इंचार्ज अनिकेत, पीडब्ल्यूडी से एक्सईएन जतिन खुराना, सीएमओ डॉ. सपना गहलावत व नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन

साउथ बाईपास पर रेहड़ी-गाड़ी बाजार ...
दक्षिणी बाईपास पर सेक्टर 15 के पास रेहड़ियों व ठेलों वालों ने अवैध तरीके से कब्जा कर लिया है। बाजार लगने से यहां गाड़ियों का ठहराव शुरू हो गया है। इस कारण जाम के हालात भी बन रहे हैं। डीसी ने निर्देश दिए कि नगर निगम इस सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराए। उन्हाेंने बाईपास पर स्ट्रीट लाइटें लगवाने का काम भी जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए।
दिन में भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक की तैयारी
शहर में भारी वाहनों के प्रवेश के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सेक्टर 9-11, जिंदल चौक, डाबड़ा चौक, कैंप चौक, फव्वारा चौक इलाके में दिन में कई बार जाम लगता है। बैठक में सुझाव दिया गया कि भारी वाहनों के शहर में प्रवेश का समय तय होना चाहिए। इसके लिए पुलिस नाकों पर वाहनों की जांच हो। शहर में रात में ही भारी वाहनों का प्रवेश हो। डीसी ने इस संबंध में पुलिस विभाग को शेड्यूल बनाने का निर्देश दिया है।
ट्रैफिक सिग्नल पर मांगा जवाब
अमर उजाला ने पिछले सप्ताह ट्रैफिक सिग्नल खराब होने के कारण जाम के हालात बनने की खबर प्रकाशित की थी। इस पर संज्ञान लेते हुए डीसी ने नगर निगम के अधिकारियों से जवाब तलब किया। निगम अधिकारियों ने बताया कि दो ट्रैफिक सिग्नल चालू कर दिए हैं और अन्य को भी ठीक करवाया जा रहा है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें