हिसार। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की जाट कॉलेज के पास स्थित मुख्य शाखा में लॉकर से 15 तोले सोने के आभूषण चोरी होने की खबर से ग्राहकों में हड़कंप मच गया। शनिवार को 40 ग्राहक अपने लॉकर की जांच करने के लिए एसबीआई पहुंचे। बैंक प्रबंधन ने सभी के लॉकर की जांच कराई। हालांकि किसी भी लॉकर में छेड़छाड़ या गड़बड़ी नहीं मिली। उधर, पुलिस ने बैंक से लॉकर से जुड़ा पूरा रिकॉर्ड मांगा है, जिसके सोमवार के बाद मिलने की उम्मीद है।
अर्बन एस्टेट निवासी अशोक महता ने 30 मई को एसबीआई प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज कराया था। उन्होंने अर्बन एस्टेट थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि लॉकर नंबर 187 में उन्होंने 20 अप्रैल 2024 व 18 अक्तूबर 2024 को गहने रखे थे। 30 मई 2025 को जब लॉकर से अपने आभूषण निकाले तो उसमें 15 तोले आभूषण कम मिले। बचे हुए आभूषणों में नकली सोने की चार चूडियां रखी थीं। जांच अधिकारी जयप्रकाश ने बताया कि बैंक से लॉकर का पूरा रिकॉर्ड मांगा है। कौन कब-कब लॉकर खोलने आया और बैंक में कौन-कौन मैकेनिक लॉकर ठीक करने या जांच करने आया, इसका ब्योरा भी मांगा है। स्ट्रांग रूम में कहीं पर भी सीसीटीवी नहीं होता, ऐसे में बाहर की सीसीटीवी फुटेज किसी काम की नहीं है।