संवाद न्यूज एजेंसी
डिंग मंडी। आदर्श कॉलोनी में शुक्रवार रात बंद पड़े घर का ताला तोड़कर चोर 8 लाख रुपये व सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आदर्श कॉलोनी निवासी अनीता शर्मा बेटे तरुण के साथ रहती हैं। अपनी रिश्तेदारी में किसी काम से दोनों पिछले दो दिन से अबोहर गए हुए थे। शनिवार सुबह पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा देखा। इसके बाद पास में रह रहे परिजनों ने अनीता शर्मा को फोन कर घटना की जानकारी दी।
अपराह्न तीन बजे अनीता शर्मा घर पहुंचीं। अंदर जाकर देखा तो कमरों और अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। अनीता का कहना है कि चोर 8 लाख रुपये व बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए हैं।
चोरी हुए जेवरात में छह सोने की अंगूठियां, दो डायमंड की अंगूठियां, एक सोने की चेन, दो जोड़ी सोने के कड़े, दो जोड़ी सोने के झुमके सहित चांदी के जेवरात शामिल हैं। इलाके में एक सप्ताह के अंदर चोरी की यह तीसरी घटना है।